दुमका में विधवा पेंशन घोटाला आया सामने, ये महिलाएं अपने ही पति को मृत बताकर 10 साल से उठा रही थी पेंशन...

Dumka: पतियों को मृत बताकर विधवा पेंशन का लाभ उठाया. प्रशासन की जांच में अब तक 14 ऐसी महिलाएं चिह्नित की गई हैं, जो पिछले 10 वर्षों से फर्जीवाड़े से पेंशन प्राप्त कर रही थीं.
 

Dumka: पैसे के लालच में लोग अब सरकारी योजनाओं का भी दुरुपयोग करने से नहीं चूकते. झारखंड के दुमका जिले में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कई महिलाओं ने अपने जीवित

पतियों को मृत बताकर विधवा पेंशन का लाभ उठाया. प्रशासन की जांच में अब तक 14 ऐसी महिलाएं चिह्नित की गई हैं, जो पिछले 10 वर्षों से फर्जीवाड़े से पेंशन प्राप्त कर रही थीं.

रानीश्वर प्रखंड के बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने अपनी जांच टीम के साथ मोहलबना पंचायत के कदमा गांव में छापेमारी की.
जब टीम उन महिलाओं के घर पहुंची, जो सरकारी रिकॉर्ड में विधवा बताई जा रही थीं, तो वे अपने पतियों के साथ घर से बाहर निकलीं.
यह देख जांच टीम हैरान रह गई. फाइलों में इन महिलाओं को विधवा दिखाया गया था, लेकिन हकीकत में उनके पति जिंदा थे और उनके साथ रह रहे थे.
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि दो बिचौलियों ने उनके लिए पेंशन स्वीकृत कराई थी. इसके बदले उन्होंने मोटी रकम ली थी.
बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अब तक 14 महिलाओं को चिह्नित किया गया है, जिनमें से छह का भौतिक सत्यापन पूरा हो चुका है.
इनमें शामिल हैं बुलुबाला दासी, चुड़की मुर्मू, मालती मुर्मू, रेखा गोराई, सुकुरमुनि सोरेन और सामदी दत्ता.