झारखंड में नहीं थम रहा जंगली हाथी का आतंक: कोडरमा में जंगली हाथी ने ली दो लोगों की जान, घटना के बाद लोगों में डर का माहौल...
Koderma: बुधवार रात हाथी ने एक महिला और एक पुरुष को कुचल कर मार डाला है. जानकारी के मुताबिक रात 8:00 बजे हाथी मरियमपुर के पास देखा गया था. जहां पहले उसने एक महिला को कुचल दिया.
Mar 26, 2026, 16:03 IST
Koderma: जिले में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ने लगा है. बुधवार रात हाथी ने एक महिला और एक पुरुष को कुचल कर मार डाला है. जानकारी के मुताबिक रात 8:00 बजे हाथी मरियमपुर के पास देखा गया था. जहां पहले उसने एक महिला को कुचल दिया.
इसके बाद लोगों द्वारा वहां से भगाने के क्रम में बोनाकाली महिला कॉलेज के पास हाथी ने 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन, पिता छोटका सोरेन को भी कुचलकर जान ले ली. कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर में हाथी के दस्तक देने से लोग दहशत में है.
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को ज्यादा दूर खदेड़ने में नाकाम रही. स्थानीय लोगों के मुताबिक अभी भी एक हाथी मरियमपुर से सटे जंगलों में छिपा हुआ है. वहीं दूसरी तरफ हाथियों का एक झुंड भी बागीटांड से सटे कोडरमा घाटी के जंगलों में देखे जाने की सूचना है.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की टीम के पास हाथियों को खदेड़ने के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम भी नहीं है.
सूचना मिलने के बाद टीम जरूर पहुंची, लेकिन एक टॉर्च के सहारे हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जाता रहा जो नाकाम साबित हुआ. हाथी अभी भी पास के जंगल मे छिपा है और कभी भी आतंक मचा सकता है.
वन विभाग के रेंजर राम बाबू ने बताया कि जंगली हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा हैं. टीम हाथियों को लॉकेट करने में लगी हैं.
उन्होंने कहा कि मृतक को 4 लाख मुआवजा देने का प्रावधान हैं. फिलहाल मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया है.