XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस खाली कराकर पुलिस ने शुरू की सघन जांच...

Jamshedpur: जमशेदपुर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित इस कॉलेज प्रबंधन को एक आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें कैंपस को दहलाने की बात कही गई है. इस धमकी वाले ईमेल में कहा कि कॉलेज को पाकिस्तान से ड्रोन बम के जरिए उड़ा दिया जाएगा. धमकी मिलने के तुरंत बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है.
 

Jamshedpur: जिले में स्थित XLRI शिक्षण संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिली. मामले मे सिटी एसपी ने बताया कि मेल से मैसेज आया है. जिसके बाद विशेष टीम के द्वारा XLRI की जांच की गई है प्रशासन अलर्ट है. जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित देश के टॉप मैनेजमेंट संस्थानों में से एक जेवियर स्कूल ऑफ मेनेजमेंट (एक्सएलआरआई) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल से मिली धमकी के बाद जिला पुलिस सकते में आ गई. त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉग स्क्वायड टीम के साथ बम निरोधक दस्ता ने XLRI के चप्पे चप्पे की जांच की है.

सूत्रों के मुताबिक, XLRI प्रबंधन को भेजे गए मेल में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि रात 12 बजे तक पूरे कॉलेज कैंपस को खाली कर दिया जाए. मेल में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें पाकिस्तान से ड्रोन बम के जरिए कॉलेज को उड़ाने की धमकी दी गई है. इस संवेदनशील इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. 

धमकी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस के कई बड़े अधिकारी भारी बल के साथ XLRI कैंपस पहुंचे. सुरक्षा को देखते हुए स्पेशल ब्रांच और डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है. कॉलेज के चप्पे-चप्पे पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. हॉस्टल, क्लासरूम और लाइब्रेरी समेत हर संवेदनशील हिस्से की जांच की जा रही है.

बता दें कि XLRI देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित मैनेजमेंट कॉलेजों में से एक है. यहां देश के कोने-कोने के अलावा विदेशों से भी कई छात्र-छात्राएं मैनेजमेंट की पढ़ाई करने आते हैं और कैंपस में ही रहते हैं. अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई और बम की खबर के बाद छात्रों और उनके अभिभावकों में डर का माहौल व्याप्त है.

बिष्टुपुर पुलिस और तकनीकी सेल इस बात की जांच कर रही है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. हालांकि, अभी तक कैंपस से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है.