₹250 का सफर अब ₹55 में! हटिया-बानो के बीच पहली बार स्पेशल ट्रेन
Ranchi: दक्षिण-पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और संभावित भीड़ को देखते हुए हटिया-बानो-हटिया के बीच पहली बार इंट्रा-जोनल अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 08631/08632 का परिचालन 1 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक रोजाना किया जाएगा।
इस ट्रेन के शुरू होने से बानो, कर्रा, तोरपा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सबसे खास बात यह है कि हटिया-बानो के बीच अनारक्षित ट्रेन का किराया सिर्फ ₹55 रखा गया है। वहीं, रांची से बानो तक बस से सफर करने पर करीब ₹240 किराया देना पड़ता है।
पूजा स्पेशल के रूप में भी चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन को पहले 1 सितंबर से 30 सितंबर तक संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए चलाया जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक यह ट्रेन पूजा स्पेशल के रूप में परिचालित होगी।
पूरे परिचालन के दौरान ट्रेन कुल 91 ट्रिप लगाएगी।
सुबह हटिया से रवाना होगी ट्रेन
हटिया-बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 08631 सुबह 9:15 बजे हटिया स्टेशन से रवाना होगी। रास्ते में यह ट्रेन कई छोटे-बड़े स्टेशनों पर रुकेगी और सुबह 11:30 बजे बानो पहुंचेगी।
हटिया से बानो तक टाइम टेबल
स्टेशन समय
हटिया सुबह 9:15 बजे प्रस्थान
बालसिरिंग सुबह 9:30 बजे
लोदमा सुबह 9:41 बजे
कर्रा सुबह 9:53 बजे
गोविंदपुर रोड सुबह 10:06 बजे
बकसपुर सुबह 10:20 बजे
पोकला सुबह 10:30 बजे
पकरा सुबह 10:38 बजे
कुरकुरा सुबह 10:48 बजे
महाबुआंग सुबह 11:00 बजे
बानो सुबह 11:30 बजे आगमन
शाम 4:30 बजे बानो से होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 08632 बानो-हटिया अनारक्षित स्पेशल शाम 4:30 बजे बानो से रवाना होगी। ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:00 बजे हटिया पहुंचेगी।
बानो से हटिया तक टाइम टेबल
स्टेशन समय
बानो शाम 4:30 बजे प्रस्थान
महाबुआंग शाम 4:40 बजे
कुरकुरा शाम 4:50 बजे
पकरा शाम 5:00 बजे
पोकला शाम 5:08 बजे
बकसपुर शाम 5:16 बजे
गोविंदपुर शाम 5:30 बजे
कर्रा शाम 5:43 बजे
लोदमा शाम 5:58 बजे
बालसिरिंग शाम 6:10 बजे
हटिया शाम 7:00 बजे आगमन
ट्रेन में होंगे 6 सामान्य और 2 SLRD कोच
दक्षिण-पूर्व रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में छह सामान्य श्रेणी के कोच और दो SLRD कोच लगाए जाएंगे। यह पूरी तरह अनारक्षित ट्रेन होगी। यात्रियों को सामान्य टिकट लेकर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण यात्रियों को बड़ी राहत
रांची मंडल के DRM करुणानिधि सिंह ने कहा कि हटिया-बानो-हटिया अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन से ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के ZRUCC सदस्य अरुण जोशी ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए रेलवे अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हटिया से बानो के बीच नियमित अनारक्षित ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। यात्रियों की जरूरत और क्षेत्र की मांग को देखते हुए रेलवे ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।
बस से सस्ता पड़ेगा रेल सफर
इस ट्रेन के शुरू होने से बानो, कर्रा, तोरपा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों के लिए आवागमन आसान होने की उम्मीद है। ₹55 के किराये में हटिया-बानो का सफर यात्रियों को बस के मुकाबले काफी सस्ता विकल्प उपलब्ध कराएगा।
लंबे समय से इस रूट पर नियमित अनारक्षित ट्रेन की मांग की जा रही थी। अब स्पेशल ट्रेन के संचालन से खासकर छात्रों, कामगारों और ग्रामीण क्षेत्र से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।