मोदी सरकार के 12 साल पूरे: लखनऊ में बोले सीएम योगी, ‘25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले, विकास की नई इबारत लिख रहा भारत’

 
Bihar News: लखनऊ में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है और आज दुनिया भारत की प्रगति को सम्मान की दृष्टि से देख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रवाद की राजनीति से ऊपर उठकर “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, तब देश कई चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभाव से देश में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे विश्व स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी आबादी को गरीबी से बाहर निकालना किसी भी सरकार के लिए बड़ी सफलता है।

उत्तर प्रदेश को केंद्र की योजनाओं का सबसे बड़ा लाभार्थी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में करीब 65 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में बने 12 करोड़ शौचालयों में से लगभग 3 करोड़ शौचालय उत्तर प्रदेश में बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत जारी 60 करोड़ कार्डों में से 15 करोड़ लाभार्थी उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन योजना का लाभ मिल रहा है।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि आज बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक स्तर तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। सेना, विज्ञान, अंतरिक्ष और उद्योग जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और स्कूलों में ड्रॉपआउट दर में कमी आई है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

वहीं, इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने जनता का विश्वास मजबूत किया है और आगामी चुनाव में भाजपा पहले से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा अब विकसित भारत के संकल्प में बदल चुकी है और सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।