कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 की मौत, 25 घायल, आयोजकों समेत 12 हिरासत में
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। बारिश शुरू होते ही पंडाल में भीड़ बढ़ने लगी। इसी दौरान दबाव बढ़ने से एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिर गया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ शुरू हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, भीड़ बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने सीटी बजानी शुरू कर दी। लोगों को बाहर निकलने के लिए अनाउंसमेंट भी किया जाने लगा। इसी बीच पंडाल में भगदड़ मच गई और कई लोग भीड़ में दब गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, आयोजकों की ओर से लाउडस्पीकर पर अनाउंसमेंट किए जाने के बाद अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हुई। हादसे में 17 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी।
इस बार चोरबागान पूजा पंडाल की थीम 'बियॉन्ड साउंड' रखी गई थी। इसके चलते पंडाल के अंदर लगभग अंधेरा था। वहीं, प्रवेश और निकास के लिए केवल एक-एक गेट बनाया गया था। दोनों गेट संकरी गलियों में खुलते थे। ऐसे में बारिश के दौरान अचानक बढ़ी भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए।
हादसे में घायल 25 लोगों में से 24 की हालत खतरे से बाहर बताई गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर है। पुलिस ने मामले में आयोजकों समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
इधर, हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वे शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे थे। अब वे रविवार सुबह 11 बजे कोलकाता मेडिकल कॉलेज जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे।
वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है। फिलहाल, पुलिस और जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही हैं।