यूपी और जापान के यामानाशी के बीच दोस्ती का नया अध्याय, विधानसभाओं ने MoU पर किए हस्ताक्षर
UP News: उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच संबंधों को अब विधानसभा स्तर पर भी नई मजबूती मिलने जा रही है। दोनों क्षेत्रों के बीच संस्थागत संवाद और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा और यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान संबंधी समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौते पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के चेयरमैन हिदेनोरी मियामोतो ने हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य दोनों विधानसभाओं के बीच नियमित संवाद कायम करने के साथ-साथ अनुभवों, सूचनाओं और कार्यप्रणाली का आदान-प्रदान करना है।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने जाना यूपी विधानसभा का इतिहास
यामानाशी से आए प्रतिनिधिमंडल का विधानसभा परिसर में स्वागत किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को सदन की कार्यप्रणाली, विधानसभा की भूमिका और उत्तर प्रदेश की लोकतांत्रिक एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को स्मृति चिह्न भेंट कर दोनों क्षेत्रों के बीच मैत्री और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और प्रदेश में मौजूद विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
दोनों विधानसभाओं के बीच होंगे प्रतिनिधिमंडलों के दौरे
MoU के तहत दोनों विधानसभाओं के बीच पारस्परिक यात्राओं, सूचना साझा करने और विभिन्न एक्सचेंज कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल एक-दूसरे के यहां जाकर कार्यप्रणाली और अनुभवों को समझेंगे।
इससे दोनों पक्षों के बीच सीधा संवाद बढ़ने के साथ विधानसभा संचालन, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनप्रतिनिधित्व से जुड़े अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
काशी और बौद्ध सर्किट से जुड़ेंगे सांस्कृतिक रिश्ते
बैठक में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत भी चर्चा के केंद्र में रही। जापानी प्रतिनिधिमंडल को काशी की ऐतिहासिक पहचान और प्रदेश के बौद्ध सर्किट की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके जरिए दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक संपर्क को विस्तार देने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया। भारत और जापान के बीच पहले से मौजूद सांस्कृतिक संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कृषि से शिक्षा और पर्यटन तक सहयोग की संभावनाएं
समझौते में अर्थव्यवस्था, पर्यटन, कृषि, शिक्षा और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। जरूरत के अनुसार दूसरे क्षेत्रों में भी संयुक्त पहल और सहयोग की संभावनाएं तलाशने की बात कही गई है।
तकनीक, ज्ञान और कौशल साझा करने के लिए एक्सचेंज प्रोग्राम तथा सहयोगी परियोजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों के लिए नई तकनीक और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का रास्ता खुलेगा।
भारत-जापान संबंधों को जमीनी स्तर पर मिलेगी नई गति
उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच हुआ यह समझौता केवल दो विधानसभाओं के बीच संबंधों तक सीमित नहीं है। इसे व्यापक भारत-जापान सहयोग को राज्य और प्रांतीय स्तर तक विस्तार देने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।
विधानसभा स्तर पर नियमित संवाद, प्रतिनिधिमंडलों के दौरे और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग से भविष्य में निवेश, पर्यटन, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर बन सकते हैं। समझौते के जरिए दोनों पक्षों के बीच पीपुल-टू-पीपुल संपर्क और संस्थागत संवाद को आगे बढ़ाने की मजबूत आधारभूमि तैयार हुई है।