यूपी चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर, क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों की नई जिम्मेदारियां तय

 

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने संगठन को बूथ से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक और मजबूत करने के लिए शनिवार को नए क्षेत्र एवं मोर्चा प्रभारियों की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यालय, मीडिया और विभिन्न अभियानों से जुड़ी जिम्मेदारियां भी नेताओं को सौंपी गई हैं।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के मुताबिक प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी क्षेत्र, गीता शाक्य को ब्रज, शंकर लोधी को कानपुर, दिलीप पटेल को अवध, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी और प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्र को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।

मोर्चों की भी तय हुई जिम्मेदारी

भाजपा ने विभिन्न मोर्चों को सक्रिय करने के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की है। राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा, डा. धर्मेन्द्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा, कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, डा. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा एमएलसी और पूर्व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। यतेंद्र शर्मा को मीडिया प्रभारी, ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक, अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ की संयोजक और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक बनाया गया है।

‘हर घर तिरंगा’ से युवाओं को जोड़ने की तैयारी

भाजपा 11 से 15 अगस्त तक प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। इस अभियान की जिम्मेदारी युवाओं को दी गई है। पार्टी की ओर से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम और गोष्ठियां आयोजित करने की तैयारी है। इसके जरिए राष्ट्रवाद के संदेश को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी और खासकर Gen-Z युवाओं तक पहुंच बनाने पर भी जोर रहेगा।

गोरखपुर से अभियान की शुरुआत करेंगे CM योगी

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 और 15 अगस्त के आसपास गोरखपुर से करेंगे। सोमवार को उनकी अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा भी प्रस्तावित है। करीब 2.5 किलोमीटर लंबी यह यात्रा नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से शुरू होकर रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक जाएगी।

मुख्यमंत्री रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा गोलघर चौराहा, काली मंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौराहे पहुंचेगी, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ इसका समापन होगा।

चुनावी तैयारियों के बीच संगठन विस्तार और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए भाजपा एक साथ संगठन को सक्रिय करने, युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।