अजित पवार की अस्थियां बारामती के संगम नदी में विसर्जित, प्लेन क्रैश हादसे को लेकर CID जांच के आदेश...
RIP Ajit Pawar: महाराष्ट्र में डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित पवार को विदाई देते हुए, उनके एक करीबी सहयोगी ने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख की अंतिम इच्छा बताते हुए कहा कि वह एनसीपी के दोनों गुटों का मर्जर चाहते थे. अजित पवार की अस्थियां आज संगम नदी में विसर्जित कर दी गईं. वहीं हादसे की सीआईडी जांच के आदेश दिए गए हैं.
अजीत दादा चाहते थे कि एनसीपी के दो विरोधी गुट फिर से एक हो जाएं. वह चाहते थे कि सब लोग एक साथ आएं. विद्या प्रतिष्ठान के सदस्य और पवार परिवार के करीबी किरण गूजर ने कहा, "यह उनकी आखिरी इच्छा थी." गूजर ने कहा, "इस मुद्दे पर परिवार और पार्टी में बातचीत हुई थी. उनसे मेरी आखिरी फोन कॉल में उन्होंने मुझसे चुनाव से जुड़े कुछ डॉक्यूमेंट्स मांगे थे."
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता राजेश टोपे ने गूजर के दावों की पुष्टि की और कहा कि मर्जर पर फैसला काफी हद तक पहले ही फाइनल हो चुका था.
टोपे ने कहा, "अजीत दादा की मौजूदगी में मर्जर पर लगभग फैसला हो चुका था. बस औपचारिक घोषणा बाकी थी, जो जिला परिषद चुनाव के बाद हो सकती थी."
अजित पवार की अस्थियां बारामती की संगम नदी में विसर्जित
एनसीपी प्रमुख अजित का गुरुवार को दोपहर में बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उनके बेटों, पार्थ पवार और जय पवार ने चिता को मुखाग्नि दी. बाद में, उनकी अस्थियां इकट्ठा की गईं और बारामती में संगम नदी में विसर्जित कर दी गईं.
एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार विसर्जन के दौरान मौजूद थे और उन्होंने श्रद्धांजलि दी. रोहित पवार, राजेंद्र पवार, रंजीत पवार, श्रीनिवास पवार और युगेंद्र पवार समेत परिवार के कई सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
प्लेन हादसे की सीआईडी जांच के आदेश
इस बीच, राज्य सरकार ने अजीत से जुड़े प्लेन हादसे की सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं. बारामती पुलिस को क्रैश साइट पर जाने से रोकने का निर्देश दिया गया है.
अधिकारियों ने कहा, “एक फोरेंसिक टीम ने मौके का दौरा किया है और जांच के लिए सैंपल इकट्ठा किए हैं. बारामती पुलिस स्टेशन में दर्ज एक्सीडेंटल डेथ केस के तहत जांच की जाएगी.”