CJP के प्रदर्शन को लेकर पटना में अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम

दिल्ली के जंतर-मंतर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर पटना में अलर्ट है।
 

दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन का असर अब बिहार की राजधानी पटना में भी देखने को मिल रहा है। संभावित मार्च और प्रदर्शन को देखते हुए पटना प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे तक सुरक्षा सख्त

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पटना में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। गांधी मैदान में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं, जेपी गोलंबर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और बिहार पुलिस के जवान सुरक्षा की कमान संभाल रहे हैं।

डाकबंगला चौराहे पर लोहे की शील्ड लगाकर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों के संभावित जमावड़े और मार्च को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन की ओर से प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदर्शन का ट्रेनों पर भी असर, दिल्ली से नहीं खुलेंगी 5 ट्रेनें

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है। रेलवे ने शनिवार को दिल्ली से चलने वाली पांच ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया है। इसका असर बिहार आने वाले यात्रियों पर भी पड़ सकता है।

रद्द की गई ट्रेनों में संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनें शामिल हैं। ऐसे में दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।

बिहार से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों पर राहत

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने स्पष्ट किया है कि शनिवार को राजेंद्रनगर से दिल्ली के लिए खुलने वाली अप दिशा की कोई भी ट्रेन रद्द नहीं की गई है।

यानी दिल्ली से बिहार आने वाली कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है, जबकि राजेंद्रनगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के परिचालन पर इसका असर नहीं पड़ा है। प्रदर्शन को लेकर प्रशासन और रेलवे दोनों सतर्क हैं।