अमित शाह का बंगाल मिशन शुरू! श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कोलकाता में बड़ा कार्यक्रम
Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर कोलकाता दौरे पर आएंगे. इस दौरान वह जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का शिलान्यास करेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसार, अमित शाह जयंती समारोह में शामिल होकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है.
जानकारी के अनुसार, इसी दिन प्रस्तावित 125 फीट ऊंची श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का शिलान्यास भी अमित शाह के हाथों कराया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह का कोलकाता स्थित विश्व बंगला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है. इसके अलावा वह राज्य सरकार और भाजपा की ओर से आयोजित अन्य आयोजनों में भी भाग ले सकते हैं.
इधर, 6 जुलाई के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम साल्टलेक स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुईय बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी , प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, मंगल पांडे, भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय सहित कई केंद्रीय एवं प्रदेश नेता मौजूद रहे. बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई.
ज्ञात हो कि, राज्य सरकार पहले ही डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने की घोषणा कर चुकी है. सरकार ने हुगली जिले के जिराट स्थित उनके पैतृक आवास परिसर में 125 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण, पुराने घर के जीर्णोद्धार तथा आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं. परियोजना के तहत वहां एक पुस्तकालय और स्मारक भी बनाया जायेगा. इसके साथ ही राज्य सरकार ने 6 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का भी निर्णय लिया है. इस अवसर पर विभिन्न सरकारी और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा.