अमित शाह का बंगाल मिशन शुरू, तीन दिवसीय दौरे में सीमा सुरक्षा, घुसपैठ और संगठन पर रहेगा पूरा फोकस 

Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 जुलाई की उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां सिलीगुड़ी स्थित बीएसएफ के कैंप में ठहरेंगे. इसको लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
 

Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार से पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे.

दौरे के दौरान अमित शाह सीमा प्रबंधन, घुसपैठ रोकने के उपाय, तस्करी पर नियंत्रण और सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों की तैयारियों का जायजा लेंगे. इसके अलावा वे भाजपा के प्रदेश नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा करेंगे. अपने इस दौरे में केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर व दक्षिण बंगाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 जुलाई की उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां सिलीगुड़ी स्थित बीएसएफ के कैंप में ठहरेंगे. इसको लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर बंगाल के दो बीएसएफ कैंपों का दौरा करेंगे. इसके बाद दोपहर एक बजे से उत्तरकन्या में उत्तर बंगाल के सीमावर्ती इलाकों विशेष कर चिकेन नेक की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह बागडोगरा से कोलकाता एयरपोर्ट आयेंगे. इसके बाद 19 जुलाई यानी रविवार को दक्षिण बंगाल के सभी सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और जिलाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे.

तीन दिवसीय बंगाल प्रवास के दौरान गृह मंत्री नेशनल लाइब्रेरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में राज्य भाजपा के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में पहली बार सत्ता में आयी भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों को शासन और संगठन की अलग-अलग भूमिकाओं को स्पष्ट करना है.