हिमाचल के चंबा जिले में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.0 रही तीव्रता..प्रशासन अलर्ट...
Shimla: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 आंकी गई है. अचानक आए झटकों से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके देर रात महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता इतनी थी कि कई इलाकों में कंपन साफ तौर पर महसूस हुआ. भूकंप का असर चंबा के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी देखा गया.
हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जिला प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखने की बात कही है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है
भूकंप आने के बाद लोग घरों से बाहर निकल गए. हालांकि अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है. शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप 10 बजकर 4 मिनट पर आया. वहीं भूकंप का केंद्र भरमौर के आसपास बताया जा रहा है और गहराई 5 किलोमीटर थी. वहीं तीव्रता 5.0 आंकी गई.
भारतीय उपमहाद्वीप में भूकंप की गतिविधियां सामान्य मानी जाती हैं क्योंकि भारत कई सक्रिय फॉल्ट लाइनों पर स्थित है. उत्तर-पूर्वी भारत सहित हिमालय रेंज भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है. यह क्षेत्र भारतीय प्लेट और यूरेशियन प्लेट की टेक्टॉनिक गतिविधियों के कारण बार-बार कंपन महसूस करता रहता है.