विधानसभा चुनाव 2026: “ज़ुल्म को देखिए!” बंगाल में चुनावी हिंसा पर ममता बनर्जी का BJP पर बड़ा हमला, गुंडागर्दी और डर के माहौल का लगाया आरोप

Kolkata: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान डर का माहौल बनाया जा रहा है और कई इलाकों में “गुंडागर्दी” हो रही है.
 

Kolkata: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए आज बुधवार 29 अप्रैल को वोटिंग हो रही है. चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक करीब 18.39 फीसदी मतदान हुआ है. सुबह से ही सभी पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें देखी जा रही हैं. चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ममता बनर्जी ने बुधवार को बीजेपी पर 'चुनाव में जबरदस्ती धांधली' करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा और वोटिंग प्रक्रिया में रुकावट डालने का भी आरोप लगाया. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देखिए रात में हमारे वर्कर को कैसे पीटा गया. जरा इस ज़ुल्म को देखिए. किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती. वोटिंग शांति से होती है. यह लोकतंत्र का त्योहार है.

ऑब्जर्वर पर भी उठाए सवाल

वहीं, ममता ने आगे कहा कि मेरी पार्टी और मैं, तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन के तौर पर, चाहते हैं कि वोटिंग शांति से हो ताकि लोग अपने वोट का इस्तेमाल कर सकें. लेकिन, अलग-अलग जगहों से कुछ ऑब्जर्वर लाए गए हैं, साथ ही ऐसे पुलिस ऑफिसर भी हैं जिन्हें बंगाल की समझ नहीं है. मंगलवार एक ऑफिसर ने पूरे बंगाल में परेशानी खड़ी कर दी. मैं पूरी रात जागती रही. ऑब्जर्वर पुलिस स्टेशनों में जाकर टीएमसी पर दबाव बना रहे हैं और कह रहे हैं कि सभी टीएमसी एजेंटों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए. मेरे यूथ ब्लॉक प्रेसिडेंट को सुबह गिरफ्तार कर लिया गया. इसीलिए मैं चेतला गई थी.

मैं पुलिस स्टेशन नहीं गई थी; मेरा पार्टी वर्कर वहां गया था. कल रात, करीब 2 बजे, CRPF की एक टीम 'गुंडा', सॉरी, 'गुंडा' नहीं। CRPF फोर्स मेरे वार्ड 70 के काउंसलर के घर लोकल पुलिस के बिना गई और उनके घर पर हमला कर दिया. उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ अकेली थीं. जब उन्होंने कहा कि वह घर पर नहीं हैं, तो CRPF ने उन पर हमला किया (उन्हें लात मारी), उनका फोन छीन लिया, और चेतावनी दी कि वह पार्टी का कोई काम न करें. मैं आपको सबूत दिखा सकती हूं.

बीजेपी पर साधा निशाना

सीएम ममता ने आगे कहा कि लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. इरादा बहुत साफ है कि बीजेपी जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है. हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे. बता दें, दूसरे और आखिरी फेज में 142 सीटों पर वोटिंग जारी है.

जानकारी के मुताबिक कुल वोटर लगभग 3.21 करोड़ हैं (पुरुष: 1,64,35,627 और महिला: 1,57,37,418 और थर्ड जेंडर: 792) शामिल हैं. वोट डालने के लिए 41,001 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिलाएं हैं.

आज के मतदान से कई हिस्सों से हिंसक झड़पों की खबरें मिल रही है. सुरक्षा बल सक्रिय हैं और हालात को काबू रख रहे हैं. इससे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ था. इस चरण में आजादी के बाद से सबसे ज्यादा वोट डाले गए थे, जो करीब 93 फीसदी था. वहीं, वोटिंग के बाद सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों दल अपनी-अपनी सरकार बनने के दावें करने लगे.