रातभर ED के सवालों से घिरे आजम खान!, सुबह कोर्ट में हुई पेशी, गाजियाबाद में हाई अलर्ट

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर गाजियाबाद में हलचल तेज हो गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) की लंबी पूछताछ के बाद आजम खान सुबह गाजियाबाद कोर्ट पहुंचे. बताया जा रहा है कि उनसे रातभर सवाल-जवाब किए गए. उनकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 100 जवानों की तैनाती की गई है.
 

Uttar Pradesh: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आने के कुछ ही घंटों बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित ED मुख्यालय ले जाया गया, जहां रातभर पूछताछ चली। रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच आजम खान को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट परिसर में करीब 100 पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहे।

रिहाई के कुछ घंटे बाद ही ED ने लिया हिरासत में

आजम खान शनिवार शाम करीब 7:15 बजे अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ रामपुर जेल से बाहर आए थे। लगभग 11 महीने बाद उनकी रिहाई हुई थी। इससे पहले 29 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में उन्हें मिली 10 साल की सजा पर रोक लगाई थी। इसके बाद उनकी जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ।

हालांकि, जेल से बाहर आने के कुछ ही समय बाद ED की कार्रवाई ने उनकी मुश्किलें फिर बढ़ा दीं। एजेंसी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई।

जौहर विश्वविद्यालय मामले में ED की कार्रवाई

यह पूरा मामला आजम खान से जुड़े जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में कथित तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग से संबंधित है। ED इसी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही है।

दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में अधिकारियों ने आजम खान से लंबी पूछताछ की। इस दौरान उनसे 50 से अधिक सवाल पूछे जाने की जानकारी सामने आई है। रातभर चली पूछताछ के बाद रविवार सुबह उन्हें गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ले जाने का फैसला किया गया।

पांच गाड़ियों के काफिले में कोर्ट पहुंचे आजम खान

रविवार सुबह करीब 10:30 बजे ED की पांच गाड़ियों का काफिला आजम खान को लेकर गाजियाबाद कोर्ट पहुंचा। सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास करीब 100 पुलिसकर्मियों तथा अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया था। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

मीडिया के सवाल पर बोले- 'क्या रह गया है बोलने को'

कोर्ट पहुंचने के दौरान आजम खान अर्टिगा कार में बैठे नजर आए। वह खिड़की से बाहर मौजूद लोगों और मीडिया की ओर देखते रहे। इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या वह कुछ कहना चाहेंगे?

इस पर आजम खान ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, 'क्या रह गया है बोलने को।' इतना कहने के बाद उन्होंने कार की खिड़की बंद कर ली।

करीब 11 महीने बाद जेल से बाहर आए आजम खान की दोबारा गिरफ्तारी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी नजर गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट की कार्यवाही और इस मामले में आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।