‘बंजारा एकता संकल्प यात्रा’ का आगाज 5 जुलाई से, 14 राज्यों में 7,000 किमी की जनजागरण यात्रा निकलेगी
New Delhi: देशभर के बंजारा समाज को सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित ‘बंजारा एकता संकल्प यात्रा’ का केंद्रीय कार्यालय गुरुवार को नई दिल्ली में विधिवत शुरू हो गया। आर.के. पुरम स्थित राघवेंद्र मठ परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समाज के कई प्रमुख नेता, संत और गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यालय का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) जगन्नाथ राव ने किया। इस अवसर पर सेवागढ़ (गूती) स्थित संत श्री सेवालाल महाराज की जन्मस्थली के पीठाधीश्वर श्री महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री महाराज ने बताया कि ‘बंजारा एकता संकल्प यात्रा’ का उद्देश्य बंजारा समाज में शिक्षा, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि समाज को संगठित और जागरूक करने का एक व्यापक जनआंदोलन है।
उन्होंने जानकारी दी कि यह यात्रा 5 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश के सेवागढ़ (गूती) से शुरू होगी और 14 राज्यों, 80 से अधिक जिलों तथा करीब 7,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 27 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में संपन्न होगी।
यात्रा के दौरान समाज के प्रतिनिधि विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और केंद्र सरकार को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपेंगे। प्रमुख मांगों में बंजारा समाज के लिए कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत करना, गोरबोली/बंजारा भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करना, बंजारा विश्वविद्यालय की स्थापना, बंजारा तांडों को राजस्व ग्राम का दर्जा देने और वर्ष 2027 की जातीय जनगणना में बंजारा समुदाय का पृथक उल्लेख सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
यात्रा के जरिए समाज में नशामुक्ति अभियान को गति देने, बच्चों और युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा बंजारा संस्कृति, भाषा और विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. उमेश जी. जाधव, पूर्व आईपीएस अधिकारी रविंद्र नायक, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष आत्मा सिंह लुबाना, गोर सेना कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब राठौड़ समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी, युवा प्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने देशभर के बंजारा समाज और आम नागरिकों से इस सामाजिक जनजागरण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।