Bengal By-Election 2026: नंदीग्राम-रेजीनगर में TMC-कांग्रेस-लेफ्ट का उम्मीदवार तय, BJP कब करेगी ऐलान?

Bengal By-Election 2026: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC), कांग्रेस और लेफ्ट ने दोनों सीटों के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. अब सभी की नजरें भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर टिकी हैं कि वह इन दोनों सीटों पर किसे मैदान में उतारती है.
 

West Bengal Bye Election Candidates 2026: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी तस्वीर अब साफ होने लगी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC), कांग्रेस और वामदलों ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। अब सबकी नजरें भाजपा के उम्मीदवारों के ऐलान पर टिकी हैं।

नंदीग्राम से TMC ने संचिता प्रधान को दिया टिकट

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से संचिता प्रधान (दे) को अपना उम्मीदवार बनाया है। पेशे से शिक्षिका संचिता प्रधान पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।

नंदीग्राम को पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में गिना जाता है। ऐसे में TMC के उम्मीदवार के ऐलान के बाद यहां मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।

वहीं, रेजीनगर सीट से TMC ने रबीउल आलम चौधरी को मैदान में उतारा है। रबीउल आलम इससे पहले बंगाल विधानसभा चुनाव में बेलडांगा सीट से भाजपा के हाथों हार चुके हैं।

कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान, रेजीनगर से कैफी को उतारा

तृणमूल कांग्रेस से पहले कांग्रेस ने दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए थे। 11 सितंबर को कांग्रेस ने रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल कैफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को प्रत्याशी बनाया।

कांग्रेस के उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही दोनों सीटों पर मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है।

लेफ्ट ने भी खोले पत्ते

वामदलों ने कांग्रेस के बाद 12 सितंबर को दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की।

नंदीग्राम से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने शांति गोपाल गिरि को टिकट दिया है। वहीं रेजीनगर सीट से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) ने एडवोकेट सईद को उम्मीदवार बनाया है।

इस तरह नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर TMC, कांग्रेस और लेफ्ट के उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं।

हुमायूं कबीर की पार्टी ने बेटे को दिया टिकट

रेजीनगर उपचुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। हुमायूं कबीर की पार्टी ने उनके बेटे गुलाम नबी को प्रत्याशी बनाया है।

32 वर्षीय गुलाम नबी अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर चुके हैं। उन्होंने दो सेट में नामांकन दाखिल किया है।

हुमायूं कबीर की ओर से विपक्षी दलों से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की गई थी, लेकिन कांग्रेस, लेफ्ट और TMC के अलग-अलग उम्मीदवार उतारने के बाद यह अपील सफल होती नहीं दिखी।

6 अक्टूबर को होगा मतदान

नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 9 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 19 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

रेजीनगर उपचुनाव: कौन-कौन मैदान में?

पार्टी उम्मीदवार
भारतीय जनता पार्टी अभी घोषित नहीं
तृणमूल कांग्रेस रबीउल आलम चौधरी
कांग्रेस अब्दुल्लाहिल कैफी
CPI(M) एडवोकेट सईद
आम जनता उन्नयन पार्टी गुलाम नबी

नंदीग्राम उपचुनाव: उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट

पार्टी उम्मीदवार
तृणमूल कांग्रेस संचिता प्रधान (दे)
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शांति गोपाल गिरि
कांग्रेस मिलन प्रधान
भारतीय जनता पार्टी अभी घोषित नहीं

बंगाल उपचुनाव 2026 का पूरा शेड्यूल

चुनाव कार्यक्रम तारीख
अधिसूचना जारी 9 सितंबर 2026
नामांकन की आखिरी तारीख 16 सितंबर 2026
नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर 2026
नाम वापसी की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026
मतदान 6 अक्टूबर 2026
मतगणना 9 अक्टूबर 2026
चुनाव प्रक्रिया का समापन 11 अक्टूबर 2026

BJP के उम्मीदवारों पर टिकी नजर

नंदीग्राम और रेजीनगर में TMC, कांग्रेस और लेफ्ट के उम्मीदवारों के ऐलान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल भाजपा के प्रत्याशियों को लेकर है। भाजपा ने अभी तक दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा के बाद दोनों विधानसभा सीटों पर मुकाबले की पूरी तस्वीर सामने आ जाएगी। खासकर नंदीग्राम में भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में BJP ने 207 सीटों पर जीत का दावा

पश्चिम बंगाल विधानसभा के पिछले आम चुनाव के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस ने 2, आम जनता उन्नयन पार्टी ने 2, CPI(M) ने 1 और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट ने 1 सीट जीती थी।

अब नंदीग्राम और रेजीनगर में होने वाले उपचुनाव को आगामी बंगाल की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों सीटों के नतीजे राज्य में अलग-अलग राजनीतिक दलों की स्थिति और रणनीति पर भी असर डाल सकते हैं।