बंगाल सरकार का बड़ा फैसला: सभी स्कूल प्रबंधन कमेटियां खत्म, प्रशासनिक नियंत्रण होगा मजबूत
Kolkata: राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी और स्पॉन्सर्ड स्कूलों के प्रबंधन को लेकर एक नया निर्देश जारी किया है. अब स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों (एसएमसी) की जगह एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किये जायेंगे. इस संबंध में बुधवार को विकास भवन की ओर से नया आदेश जारी किया गया.
पहले डीडीओ को जिम्मेदारी देने का हुआ था फैसला
इससे पहले शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों को समाप्त करने का निर्देश दिया था. बाद में आदेश में संशोधन कर ड्राइंग एंड डिसबर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ) को प्रबंधन की जिम्मेदारी देने की बात कही गयी थी. अब विभाग ने इस व्यवस्था में भी बदलाव कर दिया है.
अगले आदेश तक जारी रहेगी व्यवस्था
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले सरकारी आदेश तक यही एडमिनिस्ट्रेटर स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों की सभी जिम्मेदारियां निभायेंगे. इस संबंध में जारी आदेश की प्रतियां स्कूल शिक्षा आयुक्त, डीआइ, एसइ, जिला अधिकारियों और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को भी भेजी गयी हैं.