बंगाल में चाय बागान मजदूरों को बड़ा तोहफा! ₹5,000 नकद और 50 किलो अतिरिक्त चावल का ऐलान

पश्चिम बंगाल में बंद चाय बागानों से प्रभावित श्रमिकों के लिए शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट ने राहत का ऐलान किया है. फैसले के अनुसार, 60 वर्ष से कम उम्र के पात्र प्रभावित चाय बागान कर्मियों को ₹5,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा प्रभावित परिवारों को 50 किलो अतिरिक्त मुफ्त चावल उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है.

 

Shubhendu Adhikari Cabinet Decision:  पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी सरकार ने युवाओं और चाय बागान श्रमिकों के लिए कई बड़े फैसले लिये हैं। बुधवार को राज्य सचिवालय नबान्न में हुई विशेष कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विभिन्न सरकारी विभागों में 45,185 पदों पर सीधी भर्ती की घोषणा की। इसके साथ ही बंद चाय बागानों से प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता और अतिरिक्त राशन देने का फैसला किया गया है। सरकार के इन ऐलानों को त्योहारी मौसम में रोजगार और आर्थिक राहत से जोड़कर देखा जा रहा है।

चार विभागों में 45 हजार से अधिक पदों पर भर्ती

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, राज्य के चार प्रमुख विभागों में कुल 45,185 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। इनमें सबसे अधिक रिक्तियां स्कूल शिक्षा विभाग में हैं। मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने का भरोसा दिया है।

विभागवार रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:

  • स्कूल शिक्षा विभाग: 33,199 पद

  • तकनीकी शिक्षा विभाग: 1,816 पद

  • पुलिस विभाग: 996 पद

  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग: 7,119 पद

इन नियुक्तियों से राज्य के शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलने की उम्मीद है। हालांकि, आवेदन की तारीख, योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित विभागों की आधिकारिक अधिसूचनाओं से स्पष्ट होगी।

बंद चाय बागान श्रमिकों को ₹5,000 की सहायता

सरकार ने राज्य के 21 बंद चाय बागानों से प्रभावित श्रमिक परिवारों को राहत देने के लिए विशेष पैकेज को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बागानों में काम बंद होने के कारण हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और इस साल कई श्रमिकों को पूजा बोनस भी नहीं मिल सका है।

इस पैकेज के तहत 60 वर्ष से कम उम्र के 19,524 प्रभावित श्रमिकों के बैंक खातों में ₹5,000 की सहायता राशि भेजी जायेगी। इसके अतिरिक्त, पात्र प्रभावित परिवारों को नियमित राशन में मिलने वाले 35 किलो चावल के अलावा 50 किलो अतिरिक्त मुफ्त चावल देने की घोषणा की गई है।

चालू चाय बागानों में बढ़ेगा पूजा बोनस

कैबिनेट ने चालू चाय बागानों में काम करने वाले श्रमिकों के पूजा बोनस में भी बढ़ोतरी की है। बोनस की दर 16 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का फैसला लिया गया है। इससे त्योहारी सीजन में श्रमिकों को अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है।

21 बंद चाय बागानों को फिर खोलने की तैयारी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंद पड़े 21 चाय बागानों को दोबारा शुरू करने और श्रमिकों के लिए स्थायी रोजगार बहाल करने की दिशा में प्रयास तेज करने की बात कही है। बागानों को फिर से चालू करना सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इससे प्रभावित परिवारों की आजीविका सीधे जुड़ी हुई है।

कुल मिलाकर, कैबिनेट के इन फैसलों में एक ओर सरकारी नौकरियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने पर जोर दिया गया है, तो दूसरी ओर चाय बागान श्रमिकों को आर्थिक सहायता, अतिरिक्त राशन और बोनस के जरिए राहत पहुंचाने की कोशिश की गई है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर लागू करने और भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की समय-सीमा पर नजर रहेगी।