पिंक लाइन परियोजना में बड़ा कदम, कोलकाता में 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनेंगे; ₹1,587 करोड़ का टेंडर जारी
Kolkata: कोलकाता मेट्रो की लंबे समय से लंबित पिंक लाइन (बरानगर–बैरकपुर कॉरिडोर) परियोजना को बड़ी गति मिली है। मेट्रो रेलवे ने ₹1,587.3 करोड़ का टेंडर जारी कर 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों और वायाडक्ट (एलिवेटेड ट्रैक) के निर्माण के लिए कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की हैं. यह कॉरिडोर करीब 12.3 किलोमीटर लंबा होगा और उत्तर कोलकाता व आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा. कोलकाता मेट्रो की पिंक लाइन (Line 5) के निर्माण को गति देने के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने 1,587.39 करोड़ रुपए का सिविल टेंडर जारी कर दिया है.
इस टेंडर के दायरे में बरानगर स्टेशन (स्टेशन को छोड़कर) से बैरकपुर के मंगल पांडे टर्मिनल तक एलिवेटेड ढांचा तैयार किया जाएगा. यह परियोजना करीब 16 वर्षों से विभिन्न कारणों से लंबित थी, लेकिन अब इसके निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.
एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन का होगा निर्माण
यह टेंडर बारानगर से लेकर बैरकपुर (मंगल पांडे मेट्रो स्टेशन) तक 12.3 किलोमीटर के विस्तार के लिए जारी किया गया है. इस रूट पर 10 नये एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन और एलिवेटेड वायाडक्ट का निर्माण किया जायेगा. यह पैकेज सीएच (CH) 4.68 किमी से 16.98 किमी के लिए है.
बैरकपुर तक पहुंचेगी कोलकाता मेट्रो
12.45 किलोमीटर लंबा बारानगर-बैरकपुर कॉरिडोर कुल 11 प्रस्तावित स्टेशनों से मिलकर बनेगा. यह रूट उत्तर 24 परगना जिले के अत्यधिक घनी आबादी वाले इलाके को सीधे कोलकाता के मुख्य मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगा.
आरवीएनएल की टाइमलाइन
- अनुबंध शुरू होने के बाद निर्माण पूरा करने के लिए 42 महीने (3.5 वर्ष) का समय दिया जायेगा.
- इच्छुक कंपनियां 29 सितंबर 2026 तक अपनी बोलियां (Bids) जमा कर सकती हैं.
लंबे समय से लंबित परियोजना को मिली नयी उड़ान
बारानगर-बैरकपुर मेट्रो लाइन लंबे समय से भूमि अधिग्रहण और संकरे रास्तों की चुनौतियों के कारण अटकी हुई थी. इस टेंडर के आने से यह साफ हो गया है कि अब इस रूट पर जमीनी स्तर पर बड़े पैमाने पर सिविल कंस्ट्रक्शन का काम जल्द शुरू हो जायेगा.
इस परियोजना के पूरा होने से बीटी रोड (BT Road) पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी. बैरकपुर, टीटागढ़, खड़दह और कमरहट्टी जैसे इलाकों से कोलकाता आना-जाना बेहद सुगम हो जायेगा.