दिल्ली में अमित शाह से मिले बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार सिंह, परिवार के साथ की शिष्टाचार मुलाकात

 

Bihar/ New Delhi: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक और बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार सिंह ने दिल्ली में देश के गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पत्नी और पुत्र भी मौजूद थे। संजय सिंह पूरे परिवार के साथ गृह मंत्री के आवास पहुंचे और उनसे शिष्टाचार भेंट की।

मुलाकात के बाद संजय कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने अमित शाह के साथ ली गई तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह मुलाकात उनके लिए बेहद सुखद और प्रेरणादायक रही। संजय सिंह ने लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह से उन्हें स्नेह और आशीर्वाद मिला, जो उनके लिए मार्गदर्शन का स्रोत है।

सियासी संदेश भी माना जा रहा है

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व के साथ संजय सिंह की नजदीकी को भी दर्शाती है। सोशल मीडिया पर दिए गए बयान को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

पहली बार विधायक बनते ही बने मंत्री

संजय कुमार सिंह ने महुआ विधानसभा सीट से लोजपा (रामविलास) के टिकट पर जीत दर्ज की थी। यह उनका पहला कार्यकाल है और पहली बार विधायक बनने के साथ ही उन्हें नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री बनाया गया। उन्होंने इस चुनाव में राजद उम्मीदवार मुकेश रौशन और तेज प्रताप यादव को कड़ी शिकस्त दी थी।

चिराग पासवान के भरोसेमंद नेता

संजय कुमार सिंह को लोजपा के पुराने और भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। वे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के करीबी माने जाते हैं। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2025 के चुनाव में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए बड़ी जीत हासिल की।

इसलिए अहम मानी जा रही है मुलाकात

महुआ सीट पर हुए कड़े मुकाबले और संजय सिंह की बड़ी जीत के बाद यह मुलाकात राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जानकारों का कहना है कि इससे भविष्य की राजनीति और केंद्र–राज्य समन्वय को लेकर कई संकेत मिलते हैं।