दिल्ली नगर निगम में बीजेपी की जीत: प्रवेश वाही बने महापौर, मोनिका पंत उप महापौर- स्वच्छता पर ₹50 करोड़ का बड़ा ऐलान

 

Newshaat Desk: राजधानी की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली नगर निगम (MCD) के महापौर चुनाव में प्रवेश वाही ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नया महापौर पद संभाल लिया है, जबकि मोनिका पंत उप महापौर चुनी गई हैं।

महापौर चुनाव में प्रवेश वाही ने कांग्रेस उम्मीदवार जरीफ को भारी मतों के अंतर से हराया। उन्हें 156 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंदी को महज 9 वोट ही प्राप्त हुए। खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया।

स्वच्छता पर फोकस, ₹50 करोड़ की नई मशीनें
नवनिर्वाचित महापौर प्रवेश वाही ने साफ किया कि उनका पहला फोकस दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना होगा। उन्होंने घोषणा की कि स्वच्छता सुधार के लिए ₹50 करोड़ की लागत से आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लैंडफिल कचरे और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
महापौर ने कहा कि शहर की लैंडफिल साइट्स पर जमा पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
सदन के नेता जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्ली में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही निगम के राजस्व बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।

स्थायी समिति के सदस्य भी चुने गए
चुनाव के बाद स्थायी समिति के तीन सदस्य निर्विरोध चुने गए, जिनमें भाजपा और AAP के पार्षद शामिल हैं।

नए महापौर के रूप में प्रवेश वाही के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना होगी। अब देखना होगा कि उनके वादे जमीन पर कितनी तेजी से उतरते हैं।