लखनऊ में पानी-सीवर की बदहाली पर भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, नगर निगम को दी आंदोलन की चेतावनी

 

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुनियादी सुविधाओं को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पेयजल संकट, सीवर जाम, जलभराव, गंदगी और खराब सड़कों की समस्याओं से नाराज प्रदर्शनकारी नगर निगम के जोन-8 कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों के हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियां थीं। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और जल निगम के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर करते हुए ‘योगी जी से बैर नहीं, नगर निगम की खैर नहीं’ जैसे नारे लगाए।

सैकड़ों परिवार पानी की समस्या से परेशान

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा जिला मंत्री संजीव मिश्रा ने भदरूख इलाके की समस्याओं को लेकर नगर निगम और जल निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सैकड़ों परिवार लंबे समय से पर्याप्त पेयजल की समस्या झेल रहे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनके रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। शिकायतों के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

सीवर, कूड़ा और टूटी सड़कों को लेकर भी नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। इसके अलावा कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं और समय से कूड़ा नहीं उठाए जाने से लोगों को परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों ने खराब सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को भी बड़ी समस्या बताया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, सड़कों की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

समस्या हल नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

संजीव मिश्रा ने कहा कि पेयजल आपूर्ति, सीवर सफाई, जलभराव, कूड़ा उठान और सड़क मरम्मत जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो लखनऊ में बड़े स्तर पर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल के साथ नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।