बदलाव’ की हुंकार के साथ BJP की परिवर्तन यात्रा: दिलीप घोष बोले- बंगाल में जनता चाहती है नई दिशा

 

Kolkata News: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। भारतीय जनता पार्टी ने ‘परिवर्तन यात्रा’ के जरिए राज्यभर में चुनावी संदेश पहुंचाने का ऐलान किया है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि यह यात्रा बदलाव के संकल्प के साथ निकाली जा रही है और जनता तक विकास का संदेश पहुंचाया जाएगा।

सिलीगुड़ी से होगी शुरुआत, 9 संभागों में एक साथ अभियान

भाजपा की परिवर्तन यात्रा की शुरुआत सिलीगुड़ी से हुई। यह कूच बिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग क्षेत्र को कवर किया गया। इसके बाद नवद्वीप, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा-हुगली, मेदिनीपुर, पुरुलिया और बर्धमान में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आज यानी दो मार्च को अलग-अलग संभागों में जनसभाएं होंगी, जबकि 5 से 10 मार्च के बीच मुख्य यात्रा कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य है।

“मौका मिला तो बदल देंगे तस्वीर”

दिलीप घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है- यदि राज्य में भाजपा को एक मौका मिलता है तो वह विकास की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकती है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और यात्रा उसी भावना को मजबूत करेगी।

मतदाता सूची पर भी सियासत

इसी बीच राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में 47,111 नाम हटाए गए हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के नंदीग्राम क्षेत्र में 10,994 नाम सूची से बाहर हुए हैं।
भवानीपुर में 14,154 और नंदीग्राम में 8,819 मतदाताओं के दस्तावेज अभी न्यायिक प्रक्रिया में हैं, जिससे आगे और नाम हटने की संभावना जताई जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया

दिलीप घोष ने ईरान-इजरायल संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि रमजान के दौरान हिंसा और खूनखराबा दुर्भाग्यपूर्ण है और यह संघर्ष जल्द थमना चाहिए।