भांगड़ में फिर बवाल! ISF ऑफिस जलकर राख, आराबुल इस्लाम पर हमले से तनाव

West Bengal: पश्चिम बंगाल के भांगड़ में आराबुल इस्लाम पर हमले के बाद तनाव बढ़ गया है. इसी बीच ISF के एक कार्यालय में आग लगने से वह पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव गहरा गया है. मामले को लेकर ISF और TMC समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
 

West Bengal: पश्चिम बंगाल के भांगड़ में पूर्व विधायक आराबुल इस्लाम पर कथित हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। इसी बीच इलाके में ISF कार्यालय को आग के हवाले किए जाने की घटना सामने आई है। आगजनी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलने के बाद भांगड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस कार्यालय में आगजनी की घटना में शामिल लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आज भाजपा कार्यालय का होना है उद्घाटन

घटना ऐसे समय में हुई है जब आज इसी इलाके में भाजपा के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। एक ही इलाके में लगातार सामने आई घटनाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

आराबुल इस्लाम की कार पर बम और ईंट से हमला

इससे पहले शनिवार रात पूर्व विधायक आराबुल इस्लाम पर कथित हमला हुआ था। बताया जा रहा है कि आराबुल भांगड़ के पोलरहाट थाना क्षेत्र के उरियापाड़ा इलाके से होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाया।

आरोप है कि हमलावरों ने कार पर दो बम और ईंटें फेंकीं। ईंट लगने से कार का शीशा टूट गया। आराबुल इस्लाम के मुताबिक, उनके साथ मौजूद बाइक सवारों ने भी बम धमाके की आवाज सुनी। हालांकि, इस हमले में पूर्व विधायक बाल-बाल बच गए।

ISF छोड़ने के 24 घंटे के भीतर हमला

घटना को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि आराबुल इस्लाम ने हाल ही में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) छोड़ने का ऐलान किया था। पार्टी छोड़ने के करीब 24 घंटे के भीतर ही उन पर हमला होने का आरोप सामने आया है।

आराबुल इस्लाम ने 2026 के विधानसभा चुनाव में कैनिंग ईस्ट सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब उनके ऊपर हुए कथित हमले और ISF कार्यालय में आगजनी की घटना ने भांगड़ की सियासत को फिर गर्म कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। आगजनी में कौन लोग शामिल थे और आराबुल इस्लाम की कार पर हमला किसने किया, इसे लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि राजनीतिक विवाद किसी बड़े टकराव में न बदले।