यमुना को स्वच्छ बनाने की मुहिम में उतरीं सीएम रेखा गुप्ता, चिल्ला गांव में सफाई अभियान में किया श्रमदान
New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को चिल्ला गांव स्थित यमुना घाट पर आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों युवा स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों और नागरिकों के साथ मिलकर यमुना घाट की सफाई की और लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के पुनर्जीवन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक उपायों, निरंतर प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
स्वच्छता अभियान में शामिल सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने राजधानी के प्रत्येक परिवार से अपील की कि वे यमुना की स्वच्छता के लिए अपना समय दें और इस जनआंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब सरकार और आम नागरिक मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाएं। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और स्वच्छ दिल्ली-स्वस्थ दिल्ली के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।