दिल्ली में CJP का आज फिर प्रदर्शन, ट्रैफिक रूट डायवर्ट, बाजार बंद...
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) रविवार को भी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी. सीजेपी के कार्यकर्ता सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचेंगे. हालांकि सुरक्षाबलों ने सीजेपी के शनिवार के प्रदर्शन को सफल नहीं होने दिया. दिल्ली के कई इलाकों में भारी पुलिसफोर्स तैनात है. इस बीच, दिल्ली यातायात पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में संभावित पाबंदियों को लेकर चेतावनी जारी की.
शनिवार के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों, सीजेपी कार्यकर्ताओं और कई नेताओं को हिरासत में लिया था. इस मामले का जिक्र करते हुए सीजेपी के नेता अजिंक्य शिंदे ने कहा कि संगठन इस कार्रवाई के बावजूद पीछे नहीं हटेगा.
शिंदे ने कहा, 'सरकार ने सोचा होगा कि आज हिरासत में लिए जाने के बाद हम घर लौट जाएंगे. पीएम मोदी और अमित शाह का यह डर दिखाता है कि हमने आधी लड़ाई जीत ली है.'सीजेपी के प्रतिनिधियों ने शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान संगठन के नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की.
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में अघोषित आपातकाल लगा दिया गया है.इस बीच, कॉजपा के नए सिरे से प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए रविवार को लगातार दूसरे दिन यातायात संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी. दिल्ली में 30 प्रमुख स्थानों पर यातायात मार्गों में बदलाव किए जाने की संभावना है.
दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से शनिवार देर रात जारी परामर्श के अनुसार, मौजूदा स्थिति के आधार पर रविवार सुबह छह बजे से मार्ग परिवर्तन लागू किए जाएंगे. मध्य दिल्ली में जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक और कई अन्य चौराहों के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है.यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और हवाई अड्डे की ओर जाने वाले यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने और गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी है.