UP में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, सहायक अध्यापक से PGT तक वैकेंसी; जानें आवेदन की तारीख
UP News: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए दो विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी, सहायक अध्यापक शहरी और प्रवक्ता संवर्ग यानी PGT के पद शामिल हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के मुताबिक, इन भर्तियों के जरिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और बेसिक शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भरा जाएगा।
12,405 सहायक अध्यापक पदों पर होगी भर्ती
पहले विज्ञापन के तहत कुल 12,405 सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 897 सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 11,508 सहायक अध्यापक शहरी के पद हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
PGT के 2,607 पदों के लिए भी निकला विज्ञापन
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग (PGT) के 2,607 पदों पर भी भर्ती होगी।
PGT पदों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन 18 सितंबर 2026 से शुरू होगा। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2026 है, जबकि आवेदन में संशोधन 21 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा।
PGT भर्ती परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
आवेदन से पहले OTR जरूरी
अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की व्यवस्था लागू की गई है। संबंधित भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे विज्ञापित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते OTR और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें।
पात्रता जानने के लिए पूरा विज्ञापन पढ़ना जरूरी
आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। इसी के आधार पर अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता की जांच कर आवेदन करें।
भर्ती से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की पूरी जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।