GST दफ्तर में CM रेखा गुप्ता का छापा: गायब अफसरों पर गिरी गाज, ‘अब नहीं चलेगी लापरवाही’
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अनुशासन सिर्फ छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कमिश्नर स्तर तक हर अधिकारी पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए पिछले एक महीने का रिकॉर्ड तत्काल पेश करने का आदेश दिया।
जनता की शिकायतों पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान सीएम ने आम लोगों और करदाताओं से सीधे बातचीत की। लोगों ने सेवाओं में देरी और अधिकारियों की अनुपलब्धता की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता का काम लटका तो जिम्मेदारी सीधे संबंधित अधिकारी की तय होगी।
ऑफिस व्यवस्था पर भी चला डंडा
कार्यालय परिसर में अव्यवस्था देखकर सीएम ने नाराजगी जताई और अनुपयोगी सामान व स्क्रैप हटाने के निर्देश दिए। फायर सेफ्टी सिस्टम पर भी सवाल उठाते हुए नियमित ऑडिट और मेंटेनेंस को अनिवार्य करने को कहा गया।
‘जीरो टॉलरेंस’ का संदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी सरकार लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में ढिलाई बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी संकेत दिया कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सरकारी तंत्र में जवाबदेही सुनिश्चित हो और जनता का भरोसा बना रहे।