गोरखपुर में सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर CM योगी नाराज, अफसरों को फटकार; त्योहार से पहले सड़क चालू करने का निर्देश
UP News: गोरखपुर में सड़क चौड़ीकरण के काम की धीमी रफ्तार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई। बुधवार शाम मुख्यमंत्री ने एचएन सिंह चौक से हड़हवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहे तक बन रही टूलेन/फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। काम की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जल निगम और सेतु निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों से पहले सड़क को हर हाल में आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए भी अधिकारियों को उचित व्यवस्था करने को कहा।
दो जगह रुककर सीएम ने देखा निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने करीब 495.24 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे एचएन सिंह चौक-जगेसर पासी चौराहा सड़क चौड़ीकरण परियोजना का दो स्थानों पर रुककर जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट बाजार के सामने और हड़हवा फाटक के आगे निर्माण कार्य देखा।
इस दौरान कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तुत किए गए लेआउट मॉडल का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की प्रस्तावित लंबाई-चौड़ाई और अब तक हुए निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
PWD, जल निगम और सेतु निगम को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान काम की गति को लेकर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। इस परियोजना में सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग कर रहा है, जबकि सीवर लाइन बिछाने की जिम्मेदारी जल निगम की है।
वहीं हड़हवा फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने तीनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम तेज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलनिकासी के लिए ‘हेड टू टेल’ व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माण कार्य के साथ जलनिकासी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को ‘हेड टू टेल’ व्यवस्था के तहत जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे आम लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही त्योहारों से पहले सड़क को यातायात के लिए तैयार करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए।