गोरखपुर को ₹697 करोड़ की विकास सौगात देंगे CM योगी, भटहट-बांसस्थान फोरलेन समेत 11 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को गोरखपुर को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान वह करीब 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री का सबसे अहम कार्यक्रम 11.6 किलोमीटर लंबे भटहट-बांसस्थान फोरलेन का लोकार्पण होगा। यह सड़क प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। फोरलेन बनने से मरीजों, छात्रों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है। सड़क के दोनों किनारों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी विकसित की गई है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम वामंत माता मंदिर के समीप आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
आयुष विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री के स्वागत, जनसभा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। करीब 1350 वर्ग फुट का मंच, जर्मन हैंगर, दो स्विस कॉटेज और अस्थायी पहुंच मार्ग का निर्माण भी किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम से पहले वामंत माता मंदिर में दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद की जा रही है। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया है। हेलिपैड, वीआईपी रूट, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
बारिश की संभावना को देखते हुए पूरे कार्यक्रम के लिए वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा और सुविधाओं के सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को गोरखपुर और पूर्वांचल के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सड़क और अन्य बुनियादी परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।