जनता दर्शन में CM योगी का बड़ा ऐलान! पैसों की कमी से नहीं रुकेगा किसी का इलाज, कहा- 'आप घबराइए मत, हम हैं ना...'
Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान करीब 150 लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। जनता दर्शन में एक महिला ने अपने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद मांगी। महिला की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे भरोसा दिलाया कि इलाज में पैसों की कमी बाधा नहीं बनेगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पति के ऑपरेशन के लिए महिला ने लगाई गुहार
जनता दर्शन में पहुंची महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति मस्तिष्क आघात से पीड़ित हैं और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी है। इलाज का खर्च अधिक होने के कारण परिवार आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। महिला ने मुख्यमंत्री से पति के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
उसकी बात सुनने के बाद सीएम योगी ने पति की बीमारी और उपचार से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा, 'घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे।' मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इलाज के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बीमार महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने का निर्देश
जनता दर्शन के दौरान एक अन्य महिला ने भी अपनी बीमारी और इलाज से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। उसकी स्थिति को देखते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरतमंदों को समय पर इलाज मिलना चाहिए।
150 लोगों की फरियाद सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश
रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां करीब 150 लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच गए और एक-एक कर उनकी बातें सुनीं। फरियादियों ने अपनी शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र भी सौंपे।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्ट भी होना चाहिए।
भू-माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बच्चों को चॉकलेट देकर किया दुलार
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर भी पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने पास बुलाया, उनसे बातचीत की और चॉकलेट देकर दुलार किया। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया।
इस तरह जनता दर्शन में जहां मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए मदद का भरोसा दिया, वहीं जमीन कब्जे और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।