CM योगी की PRD जवानों को बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता ₹600 और परिवार समेत सालाना ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दो बड़ी घोषणाएं कीं। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ जवानों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की।
अब PRD स्वयंसेवकों को 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में ड्यूटी भत्ते में लगातार बढ़ोतरी की गई है। 2019 में इसे 250 से बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया था। अब यह बढ़कर 600 रुपये प्रतिदिन हो जाएगा।
31 हजार से ज्यादा जवानों को मिलेगा फायदा
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को सरकारी तथा सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है।
लखनऊ में बनेगा बहुमंजिला PRD बैरक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का भी शिलान्यास किया। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा प्रबंधन से लेकर महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी तक PRD जवानों ने जिम्मेदारी निभाई है।
‘2017 से पहले जवानों को नहीं मिलती थी पर्याप्त ड्यूटी’
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले PRD जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, लेकिन अब उनकी भूमिका को समझते हुए कई क्षेत्रों में उनकी जरूरत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जवानों ने अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं।
मुख्यमंत्री ने PRD स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके कल्याण और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। कैशलेस चिकित्सा योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
10 जवानों को बांटे गए कैशलेस कार्ड
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।
सरकार की इन घोषणाओं से PRD जवानों के लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा भी बढ़ा है। ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी और परिवार समेत कैशलेस इलाज की सुविधा को जवानों के कल्याण से जुड़ा बड़ा कदम माना जा रहा है।