जनता दर्शन में CM योगी का सख्त संदेश, बोले- थाना स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं; भू-माफिया पर हो कड़ी कार्रवाई
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर पात्र और पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
एक-एक फरियादी के पास पहुंचे CM योगी
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री खुद कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने जमीन, पुलिस, राजस्व, इलाज और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शिकायतों का जल्द और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी उचित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से काम करेगी।
पुलिस की शिकायतों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने पुलिस से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
भू-माफिया और दबंगों पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जमीन पर अवैध कब्जे और दबंगई से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को भू-माफिया और जमीन पर कब्जा करने वाले दबंग तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।
साथ ही राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। सीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और जरूरतमंद मरीजों के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए।
बच्चों से पढ़ाई और रुचि पर की बात
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने खास अंदाज में बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और उनकी पसंदीदा गतिविधियों के बारे में पूछा।
सीएम योगी ने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने के साथ खेल, संगीत और कला जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।