अखिलेश के सामने कांग्रेस की 60 सीटों की शर्त! UP चुनाव से पहले गठबंधन में नया पेच

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है. कांग्रेस ने कम से कम 60 'कैटेगरी A' सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है. पार्टी ने सपा को 181 सीटों की सूची भी सौंपी है. वहीं, अखिलेश यादव ने बातचीत के लिए रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी की चार सदस्यीय कमेटी बनाई है.
 

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की रणनीति पर मंथन शुरू हो गया है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस ने अपनी दावेदारी मजबूत करते हुए कम से कम 60 'कैटेगरी A' सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है। पार्टी ने सपा को 181 सीटों की सूची भी सौंपी है।

60 सीटों पर कांग्रेस का सख्त रुख

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने विधानसभा सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। इनमें कैटेगरी A की 60 सीटों पर कांग्रेस किसी बड़े समझौते के पक्ष में नहीं है। वहीं, कैटेगरी B की सीटों पर कुछ बदलाव संभव हैं। कैटेगरी C और D की सीटों को लेकर पार्टी बातचीत के लिए तैयार है। कांग्रेस का जोर सीटों की संख्या से ज्यादा सम्मानजनक हिस्सेदारी पर है।

अखिलेश यादव ने बनाई बातचीत के लिए कमेटी

सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा चौधरी को शामिल किया गया है। यह कमेटी कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत कर रही है।

कांग्रेस की तरफ से कौन-कौन शामिल?

कांग्रेस की ओर से बातचीत की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा संभाल रही हैं। उनके साथ केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम और इमरान मसूद भी शामिल हैं। सोमवार को दिल्ली में प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठक हुई।

मंगलवार तक जारी रह सकती है बातचीत

दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत मंगलवार तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि, अभी अंतिम फॉर्मूले पर सहमति नहीं बनी है। भाजपा को चुनौती देने के लिए सपा और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रहे हैं। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव कांग्रेस की 60 सीटों वाली मांग पर क्या रुख अपनाते हैं।