16-17 अक्टूबर को बंद रहेगा CP का सेंट्रल पार्क, CJP के कार्यक्रम से पहले फैसला

दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित 'सेंट्रल पार्क' को 16 और 17 अक्टूबर के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है.
 

दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित 'सेंट्रल पार्क' को 16 और 17 अक्टूबर के लिए आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है. NDMC ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह नोटिस जारी किया. सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कल यानी 16 तारीख को यहां पर 'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम का ऐलान किया हुआ है और लोगों से यहां पहुंचने की अपील की थी. आम आदमी पार्टी ने भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की घोषणा की हुई है.

अभिजीत दीपके ने इस कार्यक्रम की घोषणा CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की थी. दोनों को जंतर-मंतर में कथित तौर पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, बांड की शर्तों का उल्लंघन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. अभी वो तिहाड़ जेल में हैं. 

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में तैनात की जा चुकी हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम से प्रदर्शन का आह्वान किया है।

एक पुलिस सूत्र ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा। बैरिकेड लगाए जाएंगे और प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आम लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है।