नेपाल में तबाही का मंजर! 1,377 मौतें, 5 हजार से अधिक लोगों की तलाश जारी
Nepal Disaster: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ से तबाही जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,377 हो गई है, जबकि करीब 5,130 लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों में शव बरामद करने और लापता लोगों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का संयुक्त बचाव अभियान जारी है।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के अनुसार, चितवन में 364, पूर्वी नवलपरासी में 228, पश्चिमी नवलपरासी में 222 और नुवाकोट में 198 शव बरामद हुए हैं। इसके अलावा रसुवा से 178, गोरखा से 77, धाडिंग से 70 और तनाहुं से 38 शव मिले हैं। काठमांडू में इलाज के दौरान भी दो लोगों की मौत हुई।
13,656 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 13,656 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को हुए हिमस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया।
भोटेकोशी नदी के तेज बहाव में कई घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए। इसके अलावा कई जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
चीन के तिब्बत क्षेत्र में भी भारी नुकसान
आपदा का असर नेपाल के साथ चीन की तरफ भी देखने को मिला है। चीनी मीडिया के मुताबिक, इस घटना में चीन की ओर कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में 500 से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल में लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य के साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में जुटी हैं।