यूपी में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, पीएम ई-विद्या पर एक जगह मिलेंगे पढ़ाई के जरूरी संसाधन
UP News: उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों तक डिजिटल शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए योगी सरकार तकनीक आधारित संसाधनों के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में पीएम ई-विद्या डिजिटल प्लेटफॉर्म को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपयोगी बनाया जा रहा है। इस मंच पर पढ़ाई से जुड़े जरूरी डिजिटल संसाधन एक ही जगह पर निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सरकार का उद्देश्य डिजिटल शिक्षा को केवल तकनीक तक सीमित रखने के बजाय इसे बच्चों की पढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया का आसान और प्रभावी माध्यम बनाना है। एससीईआरटी के स्तर से भी इन डिजिटल संसाधनों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
एक ही मंच पर पढ़ाई की सामग्री
पीएम ई-विद्या के जरिए विद्यार्थियों को अलग-अलग माध्यमों पर पढ़ाई की सामग्री तलाशने की जरूरत कम होगी। एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार कर सकते हैं।
इससे डिजिटल लर्निंग को ज्यादा सुलभ, समावेशी और प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। शिक्षक भी इन संसाधनों का इस्तेमाल कक्षा शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए कर सकते हैं।
एंड्रॉयड और आईओएस पर उपलब्ध है ऐप
पीएम ई-विद्या का ऐप एंड्रॉयड और आईओएस, दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थी और शिक्षक इसे गूगल प्ले स्टोर से, जबकि आईओएस यूजर्स एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।
सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से सोशल मीडिया के जरिए भी ऐप की जानकारी साझा की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक इससे जुड़ सकें।
डिजिटल शिक्षा को घर-घर पहुंचाने की कोशिश
एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान के मुताबिक, पीएम ई-विद्या के जरिए डिजिटल संसाधनों को व्यापक स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने और उनके बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका कहना है कि एक ही जगह पर शैक्षिक सामग्री मिलने से बच्चों के लिए सीखने के अवसर बढ़ सकते हैं।
योगी सरकार की डिजिटल शिक्षा नीति में तकनीक को पढ़ाई का विकल्प बनाने के बजाय उसे शिक्षण प्रक्रिया के सहयोगी माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करने पर जोर है। पीएम ई-विद्या इसी दिशा में एक अहम पहल के रूप में सामने आया है।
मंत्री बोले- ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक पहुंचे तकनीक का लाभ
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार प्रदेश के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए डिजिटल संसाधनों के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उनके मुताबिक, पीएम ई-विद्या जैसे प्लेटफॉर्म पर पढ़ाई की जरूरी सामग्री एक जगह मिलने से विद्यार्थियों के लिए सीखना आसान और प्रभावी हो सकता है।
वहीं, स्कूल शिक्षा की महानिदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने कहा कि डिजिटल संसाधनों की आसान और मुफ्त उपलब्धता विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सीखने-सिखाने के नए अवसर तैयार करती है। एससीईआरटी और विभागीय स्तर पर इन संसाधनों का विद्यालयी शिक्षण में ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल सुनिश्चित करने पर काम किया जा रहा है।