दिवाली 2025: 20 या 21 अक्टूबर? चाँदनी चौक नागरिक मंच ने VHP से स्पष्टता मांगी
New Delhi: चाँदनी चौक नागरिक मंच ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार को पत्र लिखकर दिवाली 2025 की तिथि स्पष्ट करने की मांग की है। मंच का कहना है कि इस बार दिवाली की तारीख को लेकर दो मत सामने आए हैं – कुछ ज्योतिषियों के अनुसार 20 अक्टूबर जबकि अन्य के अनुसार 21 अक्टूबर। इस असमंजस की स्थिति ने आम लोगों में भ्रम और असुविधा पैदा कर दी है।
पत्र में मंच ने बताया कि दिवाली के समय लोग घर वापसी और पूजा की तैयारी में व्यस्त रहते हैं। तिथि तय न होने से लोगों के लिए व्यवस्थित तैयारी करना मुश्किल हो रहा है।
नागरिक मंच ने VHP से अनुरोध किया है कि अखिल भारतीय धर्माचार्यों और ज्योतिषाचार्यों की बैठक बुलाकर पूरे देश के लिए एकमत दिवाली तिथि तय की जाए। इसके अलावा, मंच ने सुझाव दिया है कि:
• दिवाली 2025 की सही तिथि घोषित कर पूरे देश में एक ही दिन पूजा सुनिश्चित की जाए।
• अगले वर्ष 2026 के हिन्दू पर्व और एकादशी तिथियों पर भी एकमत निर्णय लिया जाए।
• भविष्य में हर दिसंबर महीने में अगले साल के प्रमुख त्यौहारों की तिथियां 30 दिन पहले घोषित की जाए, ताकि भ्रम और असमंजस की स्थिति न बने।
इस पहल का उद्देश्य देशभर में धार्मिक पर्वों को सुचारू और व्यवस्थित रूप से मनाना बताया गया है, ताकि सभी हिंदू एक साथ अपने घरों और मंदिरों में पूजा कर सकें।