CM बनने का सपना, लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश! देखिये बीजेपी ने क्या कहा...पढ़े पूरी खबर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव खुद नहीं लड़ेंगे. वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश ने कहा कि वह पहले भी बिना विधानसभा चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बने थे और इस बार भी लोकसभा से सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

 

UP Politics:  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर अखिलेश ने संकेत दिया कि वह इस बार भी चुनावी मैदान में नहीं उतर सकते हैं। उनके इस बयान के बाद बीजेपी और एनडीए के नेताओं ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने अलग-अलग अंदाज में अखिलेश पर तंज कसा। वहीं, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने अखिलेश के बयान का बचाव किया।

शाहनवाज हुसैन का तंज- कप्तान ही मैदान से भाग रहा है

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने अखिलेश यादव के चुनाव नहीं लड़ने के संकेत पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को पहले से ही हार का अंदाजा हो गया है, इसलिए वह अपने नाम के साथ एक और हार नहीं जोड़ना चाहते। शाहनवाज ने तंज कसते हुए कहा कि जब कप्तान ही मैदान में उतरने से डर रहा है, तो उसकी टीम क्या मुकाबला करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश में बीजेपी की जीत होगी।

केशव मौर्य बोले- सपा के सत्ता में आने का सवाल ही नहीं

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है और बीजेपी प्रदेश की सत्ता से कहीं नहीं जा रही। मौर्य के मुताबिक, जब सपा के सत्ता में आने की संभावना ही नहीं है, तो अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने का सवाल भी नहीं उठता। उन्होंने अखिलेश के बयान को लेकर भी कटाक्ष किया।

ओपी राजभर ने दी चुनाव लड़ने की चुनौती

एनडीए के सहयोगी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता वही है जो चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबला करे। राजभर ने अखिलेश को चुनौती देते हुए कहा, 'आइए मित्र, हो जाएं दो-दो हाथ।'

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव लड़ने उतरेंगे तो उनकी मिट्टी पलीत होना तय है। राजभर ने अखिलेश को 'रेडीमेड पार्टी का रेडीमेड शहजादा' भी बताया। साथ ही कहा कि उन्हें कम से कम किसी एक सीट से चुनाव लड़ने का साहस दिखाना चाहिए।

इमरान मसूद ने किया अखिलेश का बचाव

जहां बीजेपी और एनडीए के नेता अखिलेश यादव पर हमलावर हैं, वहीं कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने इस मुद्दे को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव नहीं लड़ते हैं तो इससे क्या फर्क पड़ता है? वह सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इमरान मसूद ने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि वे इस बात को लेकर इतने परेशान क्यों हैं।

अखिलेश ने क्या कहा था?

दरअसल, अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी दौरे पर थे। यहां पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे? इस पर उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में कहा, 'हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं, जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। इसलिए वही करेंगे, जो हमारे लिए शुभ है।'

अखिलेश ने 2012 का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी वह लोकसभा सदस्य रहते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने संकेत दिया कि इस बार भी लोकसभा सदस्य रहते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

वाराणसी में सपा किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर अखिलेश ने पत्रकार से ही पूछ लिया कि तुम सीट बताओ। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर अखिलेश यादव अपने चुनाव लड़ने को लेकर क्या अंतिम फैसला लेते हैं।