संसद की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने रोका, आंसू गैस के गोले छोड़े, राजधानी में हाई अलर्ट
Jantar-Mantar: संसद मार्च के दौरान राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच तनाव उस समय बढ़ गया, जब प्रदर्शनकारी संसद भवन की ओर बढ़ने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े. इस कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी सूचना है.
जानकारी के अनुसार, छात्र संसद भवन की ओर कूच कर रहे थे. सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रदर्शन के मद्देनजर संसद भवन की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. एहतियातन संसद भवन के सभी प्रमुख प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
राजधानी में संसद मार्च को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ. सफदरजंग के पास इंडिया गेट जाने वाले मार्ग को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया है. सुरक्षा कारणों से इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और ट्रैफिक पुलिस वाहनों को आउटर रिंग रोड की ओर डायवर्ट कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े हुए हैं. राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था लगातार बढ़ाई जा रही है और हालात पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है.