‘दुष्यंत गौतम को सिक्किम तो सुधा यादव को कर्नाटक की जिम्मेदारी…’, 6 राज्यों को मिले नए राज्यपाल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर, 2026 को 6 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किए हैं. इसमें सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड शामिल हैं.
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है और केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर अब तमिलनाडु के राज्यपाल होंगे. इसी तरह ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. नियुक्तियां तभी लागू होंगी जब ये सभी व्यक्ति अपने-अपने राज्यों में पद का कार्यभार संभाल लेंगे.
विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि संबंधित राज्यों के मौजूदा राज्यपाल तब तक अपने पद पर बने रहेंगे जब तक नए नियुक्त व्यक्ति औपचारिक रूप से कार्यभार नहीं संभाल लेते हैं.
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है. आर्लेकर केरल के रहने वाले हैं. वे पिछले कई महीनों से तमिलनाडु के राज्यपाल का काम संभाल रहे थे. मार्च में जब आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया था, तब से आर्लेकर अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ तमिलनाडु का कार्यभार देख रहे थे. अब नए आदेश के बाद वे राज्य के नियमित राज्यपाल बन गए हैं. आर्लेकर का राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव लंबा है. वे गोवा विधानसभा के पूर्व स्पीकर रह चुके हैं. इसके अलावा वे पहले हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं.
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल भेजा गया है. वे केरल में राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की जगह लेंगे. माथुर भाजपा के पुराने और अनुभवी नेता माने जाते हैं. वे राजस्थान से राज्यसभा के सांसद भी रह चुके हैं. जुलाई 2024 में उन्हें सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया था. अब उन्हें केरल का राज्यपाल बनाने का निर्णय लिया गया है. माथुर का भाजपा से पुराना जुड़ाव है और वे संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं.
ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे पलामू से लोकसभा सांसद रह चुके हैं. ओडिशा में वे हरि बाबू कंभमपति की जगह लेंगे. कंभमपति ने जनवरी 2025 में ओडिशा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी. कर्नाटक में डाॅ सुधा यादव को राज्यपाल बनाया गया है. वे महेंद्रगढ़ से भाजपा की पूर्व सांसद हैं और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं. वे कर्नाटक में थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी.
उत्तराखंड में ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे मध्यप्रदेश के बालाघाट से लोकसभा सांसद रहे हैं. वे उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे. उधर, सिक्किम में दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाया गया है. वे भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. वे सिक्किम में ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे.
दरअसल, उक्त नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिहाज से देखा जा रहा है. खास तौर पर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों तमिलनाडु और केरल में अनुभवी भाजपा नेताओं को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है.