ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व DC शांतनु विश्वास के आवास पर छापा, घर बंद मिलने पर तोड़ा गया ताला
West Bengal: पश्चिम बंगाल में कथित रंगदारी और अवैध आर्थिक नेटवर्क की जांच के बीच प्रवर्तन निदेशालय प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार सुबह बड़े पैमाने पर छापेमारी की. जांच एजेंसी की टीम ने मुर्शिदाबाद जिले के कांडी शहर में कोलकाता पुलिस के पूर्व डिप्टी कमिश्नर और कालीघाट थाने के पूर्व इंस्पेक्टर-इन-चार्ज शांतनु सिन्हा विश्वास के पैतृक आवास पर ताला तोड़कर कार्रवाई की. यह घर कांडी नगर पालिका के वार्ड नंबर 8 में स्थित है और पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ा था.
बंद घर के बाहर शुरू हुई जांच, फिर तोड़ना पड़ा ताला
मीडिया रिपोर्ट्स सूत्रों के अनुसार, जब ED की टीम मौके पर पहुंची तो घर पूरी तरह बंद मिला. इसके बाद अधिकारियों ने घर के बाहर से ही जांच-पड़ताल शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ की. बाद में टीम ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया. छापेमारी के समय शांतनु सिन्हा विश्वास की बहन गौरी सिन्हा विश्वास भी घर पर मौजूद नहीं थीं. गौरी सिन्हा विश्वास फिलहाल कांडी नगर पालिका की उपाध्यक्ष हैं.
कोलकाता डीसीपी शांतनु सिन्हा
ED हिरासत में हैं शांतनु सिन्हा विश्वास
शांतनु सिन्हा विश्वास कोलकाता पुलिस में कालीघाट थाने के पूर्व इंस्पेक्टर-इन-चार्ज और डिप्टी कमिश्नर रह चुके हैं. फिलहाल वह जमीन से जुड़े कथित वित्तीय धोखाधड़ी मामले में ED की हिरासत में हैं. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित ‘सोना पप्पू’ उगाही नेटवर्क और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है.
कई ठिकानों पर एक साथ दबिश
जानकारी के मुताबिक, ED की अलग-अलग टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की. कोलकाता के रॉय स्ट्रीट स्थित एक होटल, एक कारोबारी के घर और कोलकाता पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के आवास पर भी जांच एजेंसी पहुंची. एजेंसी कथित उगाही, अवैध लेनदेन और पुलिस अधिकारियों से जुड़े संभावित आर्थिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही एजेंसी
हालांकि ED की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े सबूत जुटा रही है. बंगाल में एक साथ कई जगहों पर हुई इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.