अक्षय कुमार की बेटी संग ऑनलाइन शर्मनाक वाकया! एक्टर बोले- अब बच्चों को स्कूल में सिखाना होगा साइबर सुरक्षा

 

National News: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से एक अहम अपील करते हुए कहा कि राज्य के स्कूलों में कक्षा 7 से 10 तक के छात्रों के लिए हर हफ्ते एक ‘साइबर अवेयरनेस पीरियड’ शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि आज बच्चों के बीच साइबर अपराध का खतरा तेजी से बढ़ रहा है और इससे निपटने के लिए शिक्षा के स्तर पर जागरूकता बेहद जरूरी है।

राज्य पुलिस मुख्यालय में आयोजित ‘साइबर जागरूकता माह 2025’ के उद्घाटन समारोह में अक्षय कुमार ने इस मुद्दे की गंभीरता पर बात करते हुए अपनी बेटी से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना साझा की।

अक्षय ने बताया, “कुछ महीने पहले मेरी बेटी एक वीडियो गेम खेल रही थी। गेम के दौरान उसे एक यूज़र ने मैसेज किया- ‘क्या आप पुरुष हैं या महिला?’ जब उसने जवाब दिया कि वो महिला है, तो अगले ही पल उस व्यक्ति ने कहा- ‘क्या आप मुझे अपनी न्यूड तस्वीरें भेज सकती हैं?’ मेरी बेटी ने तुरंत गेम बंद किया और जाकर अपनी मां को बताया। उसी वक्त हमें एहसास हुआ कि यह कितना बड़ा खतरा है।”

उन्होंने कहा कि यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि डिजिटल दुनिया में बच्चे कितनी आसानी से निशाना बन सकते हैं।

अक्षय ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा, “मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि हर हफ्ते स्कूलों में सातवीं से दसवीं तक के बच्चों के लिए एक साइबर अवेयरनेस क्लास ज़रूर रखी जाए। इससे उन्हें ऑनलाइन अपराधियों और डिजिटल खतरों से खुद को बचाने की समझ मिलेगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि “बच्चों को यह सिखाना समय की जरूरत है कि इंटरनेट का इस्तेमाल समझदारी से कैसे किया जाए।”

फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ अरशद वारसी, हुमा कुरैशी और सौरभ शुक्ला अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा वे निर्देशक प्रियदर्शन की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग में भी व्यस्त हैं, जिसमें सैफ अली खान और सैयामी खेर भी शामिल हैं।