चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट का फैसला बरकरार रखते हुए सुनाई तीन महीने की सजा

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case:यह मामला वर्ष 2010 में उनकी फिल्म 'अता पता लापता'के निर्माण के लिए लिए गए ऋण से जुड़ा है. आरोप है कि कर्ज चुकाने के लिए जारी किए गए कई चेक बाउंस हो गए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) के तहत सात अलग-अलग मामले दर्ज किए गए.
 

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव को चेक बाउंस के सात मामलों में बड़ा झटका लगा है. दिल्ली हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए उन्हें तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही अदालत ने उनके खिलाफ कुल 7.35 करोड़ रुपये का मुआवजा (प्रत्येक मामले में 1.05 करोड़ रुपये) अदा करने का भी आदेश दिया है.

आज 10 जुलाई शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई और हाई कोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखा.

राजपाल यादव कितने महीने रहेंगे जेल में

हाई कोर्ट ने चेक बाउंस के सभी सात मामलों में तीन-तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी, इसलिए उन्हें कुल तीन महीने की ही सजा भुगतनी होगी. जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने अभिनेता राजपाल यादव द्वारा निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए दोषसिद्धि को कायम रखा. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि राजपाल यादव को अदालत में दिए गए अपने अंडरटेकिंग  का पालन करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने बार-बार अवसर मिलने के बावजूद उसका पालन नहीं किया.

 

कोर्ट ने कितना जुर्माना लगाया

अदालत ने हर मामले में 1.05 करोड़ का जुर्माना भी लगाया है.  इस तरह सातों मामलों में कुल जुर्माना 7.35 करोड़ बनता है. अदालत के आदेश के अनुसार, प्रत्येक मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार शिकायतकर्ता  को और 25 हजार राज्य  को अदा किए जाएंगे.

चेक बाउंस मामला क्या है?

राजपाल यादव ने 2010 में एक फिल्म बनाई थी. इसका नाम था अता पता लापता. फिल्म के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. हालांकि, राजपाल यादव का कहना था कि ये एक इंवेस्टमेंट था. राजपाल यादव ये लोन चुका नहीं पाए और ये बढ़कर 9 करोड़ हो गया. इसी केस में उन्होंने 5 फरवरी 2026 में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. उस मुश्किल दौर में सोनू सूद सहित कई एक्टर्स ने उनकी मदद की थी.

राजपाल यादव ने कहा था- मेरे पास 1200 करोड़ का काम है

राजपाल यादव ने ये भी कहा था कि  'अगले साल सालों में मेरे पास ब्रांडिंग के लिए 1200 करोड़ रुपये का काम है. मेरे पास 4 एग्रीमेंट हैं, इसमें फिल्में शामिल नहीं हैं. कोई प्रोजेक्ट 200 करोड़ रुपये का है, कोई 2000 करोड़ रुपये का. इसमें से कुछ फीस है और कुछ प्रोजेक्ट्स में शेयर हैं. मेरी 10 फिल्में लाइन में हैं'

 

मैं चलती फिरती चेकबुक हूं- राजपाल यादव

तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने कहा था, 'मैं कहना चाहता हूं कि मैं पैसों से घिरा हुआ हूं, राजपाल चलती फिरती चेक बुक है. मैं पैसा कमाता हूं, मैं लोगों को पैसा कमाने में मदद करता हूं, और कई घर इस पर डिपेंड करते हैं.'

आपको बता दें कि हाल ही में राजपाल यादव फिल्म 'भूत बंगला' और 'वेलकम टु द जंगल' में नजर आए थे. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी.