सियालदह स्टेशन पर सुबह-सुबह आग! रेस्तरां में धधकी लपटें, चारों ओर धुआं, मची अफरा-तफरी
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन के मेन गेट के पास स्थित फूड एक्सप्रेस रेस्तरां में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 9:15 बजे रेस्तरां के कुकिंग एरिया में लगी आग देखते ही देखते पूरे रेस्तरां में फैल गई। कुछ ही देर में रेस्तरां का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आ गया और चारों ओर काले धुएं का गुबार फैल गया।
घटना के समय ऑफिस जाने का समय होने के कारण सियालदह स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ मौजूद थी। आग और धुएं को देखकर स्टेशन परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
कुकिंग एरिया से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे सियालदह स्टेशन के मेन गेट के पास बने फूड एक्सप्रेस रेस्तरां के कुकिंग एरिया में आग लगी। शुरुआती तौर पर आग छोटी थी, लेकिन कुछ ही समय में इसने विकराल रूप ले लिया और पूरे रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में रेस्तरां से घना काला धुआं निकलने लगा। स्टेशन के आसपास मौजूद यात्रियों और लोगों में इसे लेकर हड़कंप मच गया।
RPF ने संभाला मोर्चा, भीड़ को किया नियंत्रित
घटना के वक्त स्टेशन पर भारी भीड़ मौजूद थी। आग की खबर फैलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में मौके पर तैनात RPF के अधिकारियों और जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
RPF कर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित किया और घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर दी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने-जाने के लिए सुरक्षित रास्ता भी बनाया गया, ताकि आग बुझाने के अभियान में किसी तरह की बाधा न आए।
5 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
रेस्तरां में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने रेस्तरां के शीशे तक तोड़े और अंदर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।
DRM ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सियालदह मंडल के DRM राजीव सक्सेना भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में आग की शुरुआत रेस्तरां के कुकिंग एरिया से होने की बात सामने आई है।
जनवरी 2025 में भी फूड कोर्ट में लगी थी आग
सियालदह स्टेशन के आसपास आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जनवरी 2025 में भी स्टेशन के पास स्थित एक फूड कोर्ट में आग लग गई थी। उस समय दमकल विभाग की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया था।
पिछली घटना में भी आग के कुकिंग एरिया से शुरू होकर रेस्तरां में फैलने की बात सामने आई थी। ऐसे में सियालदह स्टेशन परिसर और उसके आसपास मौजूद खाद्य प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
यात्रियों में राहत, बड़ा हादसा टला
सोमवार सुबह हुई इस घटना में जिस वक्त आग लगी, उस समय स्टेशन पर भारी भीड़ थी। इसके बावजूद RPF और दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित किया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग की वजह से हुए आर्थिक नुकसान और घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।