कोलकाता पहुंचे गौतम अडानी, बंगाल में 2000 बेड का अस्पताल...Heritage से Investment तक बड़ा प्लान

Kolkata: अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी 24 सितंबर को कोलकाता में कई कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं. न्यू टाउन में प्रस्तावित 2,000 बेड वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’की आधारशिला रखी जानी है. इसके बाद राज्य सरकार के साथ निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर चर्चा प्रस्तावित है.

 

Kolkata: पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से बड़े उद्योग समूहों से संपर्क का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी आज, 24 सितंबर को कोलकाता में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर सकते हैं। बैठक में राज्य में प्रस्तावित निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

गौतम अडानी बुधवार रात कोलकाता पहुंचे। गुरुवार सुबह उन्होंने पत्नी के साथ कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह न्यू टाउन में प्रस्तावित 2,000 बेड वाले ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है।

नबान्न में अडानी और CM शुभेंदु अधिकारी की संभावित बैठक

अडानी के कार्यक्रम में राज्य सचिवालय नबान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बैठक भी शामिल है। रिपोर्टों के अनुसार, बातचीत में राज्य में नए निवेश, औद्योगिक परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे और रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। इससे पहले अडानी समूह के अधिकारियों और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच निवेश प्रस्तावों को लेकर बातचीत की संभावना जताई गई थी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने हाल में राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए उद्योग नीति से जुड़े कदमों की भी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि नई औद्योगिक भूमि नीति में भूमि पूलिंग, प्रत्यक्ष खरीद और निवेश के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था जैसे प्रावधान शामिल होंगे।

2,000 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल

अडानी समूह की प्रस्तावित स्वास्थ्य परियोजना न्यू टाउन-राजारहाट इलाके में विकसित की जानी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले बताया था कि समूह यहां करीब 2,000 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है।

यह परियोजना पश्चिम बंगाल में अडानी समूह की स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख योजनाओं में शामिल है। गुरुवार को होने वाला भूमि पूजन इसके निर्माण की दिशा में अगला बड़ा कदम माना जा रहा है।

33 औद्योगिक इकाइयों को जमीन आवंटित

राज्य सरकार ने बुधवार को 33 औद्योगिक संस्थाओं को जमीन आवंटन पत्र भी दिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं से करीब 60,000 करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है और लगभग 62,000 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इन प्रस्तावों में सेमीकंडक्टर, रक्षा, सौर ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, MSME, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

बड़े उद्योग समूहों से लगातार संपर्क

पश्चिम बंगाल सरकार हाल के दिनों में बड़े कारोबारी समूहों के साथ निवेश को लेकर लगातार बातचीत कर रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सितंबर में मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों पर चर्चा की बात मुख्यमंत्री ने कही थी।

अब गौतम अडानी की पश्चिम बंगाल यात्रा और मुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक को राज्य में निवेश आकर्षित करने की इसी प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बैठक में किन परियोजनाओं पर अंतिम सहमति बनती है, इसकी जानकारी आधिकारिक घोषणाओं के बाद ही स्पष्ट होगी।