Gorakhpur News: जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मिले CM योगी, बोले- पैसे की कमी से नहीं रुकेगा किसी का इलाज
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों ने जब मुख्यमंत्री के सामने आर्थिक सहायता की मांग रखी तो उन्होंने अधिकारियों को इलाज का अनुमानित खर्च (एस्टिमेट) तत्काल तैयार कराने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि एस्टिमेट मिलते ही सरकार इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद लोगों के मामलों में औपचारिकताओं को अनावश्यक रूप से लंबा न खींचा जाए और संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कोई भी व्यक्ति खुद को अकेला या असहाय महसूस न करे, सरकार हर पात्र व्यक्ति के साथ खड़ी है।
कुर्सियों तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर हुए जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास वह स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं।
लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण तेज, पारदर्शी और पीड़ित को संतुष्ट करने वाला होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को बिना किसी भेदभाव के लोगों की समस्याओं का समाधान कराने की हिदायत दी।
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को भरोसा
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मरीजों के इलाज का एस्टिमेट जल्द तैयार कराया जाए।
उन्होंने कहा कि आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी व्यक्ति को बेहतर इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा। सरकार जरूरत के मुताबिक उपचार के लिए धन उपलब्ध कराएगी।
भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने पात्र लोगों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पारिवारिक विवाद बातचीत से सुलझाने पर जोर
जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवादों से जुड़ी शिकायतें लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में दोनों पक्षों के बीच संवाद कराने की कोशिश की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जहां संभव हो, परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत के जरिए विवाद को घर में ही सुलझाने की पहल हो, ताकि छोटे विवाद आगे चलकर बड़े संकट में न बदलें।
पूजा-अर्चना के बाद की गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा निवेदित की।
मुख्यमंत्री मंदिर की गोशाला भी पहुंचे और गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाकर गोसेवा की। इसके बाद उन्होंने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।