दिल्ली बीजेपी को मिला नया चेहरा, हर्ष मल्होत्रा को संगठन की बड़ी जिम्मेदारी
National: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री Harsh Malhotra को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष की कमान सौंप दी है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले को आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
बीजेपी हाईकमान ने संगठन में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह बदलाव किया है. हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहे हैं और दिल्ली की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है.
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा 28 मई को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हर्ष मल्होत्रा की नियुक्ति पर मुहर लगाई है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है.
जानिए कौन हैं हर्ष मल्होत्रा
हर्ष मल्होत्रा भाजपा के एक अनुभवी और जमीनी स्तर से जुड़े नेता हैं. उनके राजनीतिक सफर और उपलब्धियों पर नजर डालें तो हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर संसद में अपनी जगह बनाई थी. वर्तमान में वे केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वे कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में भी कार्यरत हैं.
मल्होत्रा का राजनीतिक सफर 1984 में युवा मोर्चा से शुरू हुआ था. उन्होंने मंडल अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष तक संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. वे पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर रह चुके हैं. पार्षद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा समिति के अध्यक्ष के तौर पर कई जनहित की योजनाएं शुरू की थीं. वे पेशे से प्रिंटिंग उद्यमी रहे हैं और वनस्पति विज्ञान में स्नातक हैं, साथ ही उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई भी की है. वे 'दधीचि देह दान समिति' के माध्यम से समाज सेवा में भी लंबे समय से सक्रिय हैं.
क्यों अहम है यह नियुक्ति
दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष के रूप में हर्ष मल्होत्रा का चयन पार्टी की भविष्य की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. एक सफल पार्षद, पूर्व मेयर और वर्तमान केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका अनुभव पार्टी को दिल्ली में मजबूती देने में सहायक साबित हो सकता है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी पकड़ और प्रशासनिक अनुभव दिल्ली में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक आक्रामक और सक्रिय बनाएंगे. पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इस नियुक्ति के जरिए दिल्ली के कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का प्रयास किया है, ताकि आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना प्रभावी ढंग से किया जा सके.