बंगाल में 3 दिन तक मौसम का कहर, 70 किमी रफ्तार की आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी

West Bengal Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई को दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश (07-11 cm) होने की संभावना है. पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ सकता है. बांकुड़ा और बर्धमान जैसे जिलों में हवा की गति 60-70 kmph तक जा सकती है...
 

West Bengal Weather Update: पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

मौसम बदलने की वजह

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल के ऊपर ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो रहा है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की स्थिति बन रही है.

पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज खतरनाक मोड़ ले रहा है. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) कोलकाता ने स्पेशल बुलेटिन जारी कर दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश और विनाशकारी आंधी-तूफान की चेतावनी दी है.

उत्तर प्रदेश और झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी का भारी इनकर्जन हो रहा है. इसके प्रभाव से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल के जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि यह सामान्य बारिश नहीं, बल्कि बिजली कड़कने और तेज झोंकों वाली ‘इन्हांस्ड थंडरस्टॉर्म एक्टिविटी’ होगी.

भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों पर सबसे ज्यादा खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई को दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश (07-11 cm) होने की संभावना है. पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ सकता है. बांकुड़ा और बर्धमान जैसे जिलों में हवा की गति 60-70 kmph तक जा सकती है, जबकि अन्य जिलों में यह 50-60 kmph रहने का अनुमान है. हुगली, कोलकाता, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में भी गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तर बंगाल में भी रहेगा असर

केवल दक्षिण ही नहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में भी अगले 2 दिनों तक मौसम खराब रहेगा. मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में 40-50 kmph की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग में 2 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है.

मछुआरों के लिए रेड अलर्ट, समुद्र में न जाने की सलाह

मौसम विभाग ने समुद्र तटीय इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. 28 और 29 मई को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों पर 40-50 kmph (झोंकों के साथ 60 kmph) की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी. मछुआरों को सलाह दी गयी है कि वे इन 2 दिनों के दौरान गहरे समुद्र में न उतरें.

मौसम विभाग (IMD) ने इस तूफान के संभावित खतरों को लेकर भी आगाह किया है. कहा है कि बिजली गिरने से खुले मैदान में जान का खतरा है. कच्चे घरों/झोपड़ियों को नुकसान हो सकता है. पेड़ों की टहनियां गिरने की संभावना है.

क्या करें?

  • तूफान के दौरान सुरक्षित पक्की छत के नीचे शरण लें. पेड़ों, बिजली के खंभों या जल निकायों (Water bodies) के पास बिल्कुल न खड़े हों.
  • आंधी के दौरान ट्रैफिक को रेगुलेट किया जा सकता है. इसलिए घर से निकलने से पहले अपडेट जरूर चेक करें.